India

​MLFF टोल पर नंबर प्लेट छिपाई तो अब लगेगा 5 गुना जुर्माना! ये गलती पड़ेगी महंगी

हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. अब टोल टैक्स बचाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट छिपाना या उसके साथ छेड़छाड़ करना भारी पड़ सकता है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मल्टीलेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम के तहत ऐसे लोगों पर सख्ती करने का फैसला किया है. अगर कोई चालक जानबूझकर नंबर प्लेट ढकता है, उसे छिपाता है या उसमें बदलाव करता है, तो उससे सामान्य टोल शुल्क के अलावा 5 गुना जुर्माना भी वसूला जाएगा.

​MLFF टोल पर नंबर प्लेट छिपाई तो अब लगेगा 5 गुना जुर्माना! ये गलती पड़ेगी महंगी

इसके अलावा, यूजर फी से बचने के इरादे से गाड़ी में FASTag नहीं लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। यह नियम उन सभी जगहों पर लागू होगा, जहां MLFF टोल सिस्टम शुरू हो चुका है. आने वाले समय में जिन टोल प्लाजा पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी, वहां भी यही नियम लागू होंगे.

क्या है MLFF टोल सिस्टम?

MLFF यानी मल्टीलेन फ्री फ्लो एक ऐसा टोल सिस्टम है, जिसमें गाड़ियों को शुल्क देने के लिए किसी बैरियर पर रुकना नहीं पड़ता. सड़क के ऊपर लगे गैंट्री में रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे लगाए जाते हैं. ये कैमरे और सेंसर गुजरने वाली गाड़ी की पहचान करते हैं और उसके FASTag या रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर टोल शुल्क अपने आप काट लिया जाता है.

इस व्यवस्था का मकसद टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी लाइनों और जाम को कम करना है. इससे वाहन चालकों का समय बचता है. साथ ही ईंधन की खपत और गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में भी कमी लाने में मदद मिलती है.

कितनी देनी होगी पेनल्टी?

नए नियम के तहत अगर कोई चालक जानबूझकर टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाता है या उसके साथ छेड़छाड़ करता है, तो उसे संबंधित टोल प्लाजा पर लागू सामान्य यूजर फी का 5 गुना जुर्माना देना होगा. यह रकम सामान्य टोल शुल्क के अतिरिक्त वसूली जाएगी. जुर्माने से मिलने वाली राशि संबंधित अथॉरिटी को सौंपी जाएगी.

यह कार्रवाई तभी होगी, जब यह साबित हो जाए कि नंबर प्लेट छिपाने या नहीं लगाने का मकसद टोल शुल्क से बचना था. इसमें गाड़ी की आगे की नंबर प्लेट, पीछे की नंबर प्लेट या दोनों को ढकने के मामले शामिल हैं. ऐसी स्थिति में FASTag का पता नहीं चलना भी कार्रवाई का आधार हो सकता है.

तकनीक की मदद से पकड़े जाएंगे वाहन

नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान के लिए तकनीक आधारित मजबूत प्रक्रिया अपनाई जाएगी. यानी केवल नंबर प्लेट में गड़बड़ी दिखने पर ही कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि यह भी जांचा जाएगा कि ऐसा जानबूझकर टोल शुल्क बचाने के लिए किया गया था या नहीं.

वाहन चालकों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?

वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट हमेशा साफ और पढ़ने योग्य रखें. FASTag भी सही तरीके से लगा होना चाहिए. टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट ढकना, उसमें बदलाव करना या जानबूझकर FASTag नहीं लगाना अब महंगा पड़ सकता है. इसलिए हाईवे पर निकलने से पहले जरूरी चीजों की जांच कर लें और समय पर टोल शुल्क का भुगतान करें.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply