अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बीच सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र के त्यागपत्र पर फैसला लिया जा सकता है। साथ ही ट्रस्ट में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति समेत कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक दोपहर तीन बजे श्रीरामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में आयोजित होगी। इसमें ट्रस्ट के अधिकांश सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की पहली महत्वपूर्ण बैठक है। ऐसे में माना जा रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बड़े प्रशासनिक और संगठनात्मक फैसले लिए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि 5 जून को पहली बार चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया था। इसके बाद 13 जून को विशेष जांच दल का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्टी जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद और कृष्णमोहन अयोध्या पहुंच चुके हैं। वहीं कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ समेत अन्य सदस्य भी बैठक शुरू होने से पहले अयोध्या पहुंचेंगे।
कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने सभी ट्रस्ट सदस्यों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता एवं ट्रस्टी के. पारासरन सहित कुछ अन्य सदस्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे।



