
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर छिनतई की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने दवा लेकर घर लौट रही महिला से गले की चेन और कान की बाली झपट ली। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
दवा लेकर घर लौट रही थी महिला
घायल महिला की पहचान रामनगर रोड नंबर-1 निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह गुरुवार शाम दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक उन पर झपट्टा मारते हुए गले की चेन और कान की बाली छीन ली।
विरोध करने पर सड़क पर गिराया
महिला ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। गिरने से उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला की मदद की और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई।
CCTV फुटेज के सहारे जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं ने महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बाइक सवार गिरोहों की सक्रियता पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई और नियमित गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।



