CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

मेरठ में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर मां की हत्या, कार में रेता गला; हरिद्वार में गंगनहर किनारे फेंका शव, क्लिक कर जानिए पूरी कहानी..

Featured Image

मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 40 वर्षीय कविता की उसकी बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी आकाश चौहान के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने कार में चाकू से कविता का गला रेत दिया और शव को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर के किनारे फेंक दिया। बुधवार रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

मां बेटी के प्रेम का कर रही थी विरोध-
पुलिस के अनुसार, कंकरखेड़ा के नटेशपुरम निवासी कविता की बेटी उन्नति का दुल्हेड़ा गांव निवासी आकाश चौहान से प्रेम-प्रसंग था। बताया जा रहा है कि कविता दोनों के रिश्ते का विरोध करती थीं। कुछ दिन पहले आकाश ने उन्नति से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन कविता ने इसका विरोध किया था।

पिता से बोली- मां को दर्शन कराने ले जा रही हूं-
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की सुबह कविता के पति अरविंद ड्यूटी पर जा रहे थे। उस समय कविता घर पर नहीं थीं। अरविंद ने बेटी उन्नति को फोन किया तो उसने बताया कि वह अपनी मां को बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है।

इसके बाद कविता घर वापस नहीं लौटीं। उधर, हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। महिला के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।

200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले-
महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा की। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक संदिग्ध कार दिखाई देने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी और जांच आगे बढ़ते-बढ़ते मेरठ पहुंच गई।

बुधवार को मंगलौर पुलिस ने कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम क्षेत्र में दबिश देकर लक्सर रोड से उन्नति और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद करने का दावा किया है।

कार में मां को झपकी लगी तो बेटी ने किया हमला-
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह कार चला रहा था, जबकि उन्नति पीछे की सीट पर अपनी मां के साथ बैठी थी। रास्ते में कविता को झपकी आ गई। इसी दौरान आरोप है कि उन्नति ने चाकू से अपनी मां के गले पर वार कर दिया।

इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर कविता के शव को बोरी में रखा और कार की डिग्गी में डाल दिया। मंगलौर पुल के पास सुनसान जगह देखकर शव को गंगनहर में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।

दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात-
पुलिस के अनुसार, उन्नति और आकाश दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे और इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। कुछ समय पहले आकाश उन्नति के घर भी गया था और शादी की बात रखी थी, लेकिन कविता इसके लिए तैयार नहीं थीं।

बताया जा रहा है कि आकाश वारदात से करीब दो दिन पहले दिल्ली से अपने गांव आया था। इसके बाद वह दोस्त की कार लेकर घर से निकला और उन्नति के साथ मिलकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply