IndiaUttar Pradesh

मुरादाबाद में फ्रिज ऑन होने के शक में बहू को किया लहूलुहान, पति ने बच्चों समेत घर से फेंका!

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद में रहने वाली एक महिला के साथ जो हुआ, वह केवल शारीरिक क्रूरता नहीं, बल्कि मानसिक प्रताड़ना की भी पराकाष्ठा है. महज फ्रिज चालू करने के शक ने एक हंसतेखेलते परिवार को मानो कसाईखाने में तब्दील कर दिया.

मुरादाबाद में फ्रिज ऑन होने के शक में बहू को किया लहूलुहान, पति ने बच्चों समेत घर से फेंका!

बताया गया कि भीषण गर्मी में बच्चों ने अनजाने में फ्रिज चालू कर दिया था. इस बात पर पति प्रदीप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने बिना कुछ सोचेसमझे अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी. आरोप है कि इस दौरान सास और ससुर ने भी उसका साथ दिया. घटना जिले के कटघर कोतवाली क्षेत्र के तहत आने वाले इंद्रा चौक इलाके की है.

पीटपीटकर लहूलुहान करने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बेरहमी से पीटपीटकर लहूलुहान कर दिया और उसके दो मासूम बच्चों को भी जबरन उससे अलग कर दिया. इसके बाद उसे घायल अवस्था में घर से बाहर निकाल दिया गया.

जब पीड़िता के पिता अपनी बेटी की मदद के लिए पहुंचे, तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की. मुरादाबाद की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आज भी कई महिलाएं दहेज और घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं का सामना करने को मजबूर हैं.

दहेज की मांग और प्रताड़ना को वजह बताया

इस खौफनाक वारदात के पीछे सिर्फ फ्रिज चालू होने का विवाद नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही दहेज की मांग और प्रताड़ना को वजह बताया जा रहा है. पीड़िता रचना ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि यह केवल एक दिन की घटना नहीं थी. ससुराल पक्ष लगातार उस पर मायके से कीमती सामान और दहेज लाने का दबाव बनाता था.

जब भी उनकी मांग पूरी नहीं होती थी, तो छोटीछोटी बातों को बहाना बनाकर उसके साथ मारपीट की जाती थी. इस बार बच्चों की एक छोटीसी हरकत को बहाना बनाकर पूरे परिवार ने उसके साथ मारपीट की. एक महिला को उसके ही घर में असुरक्षित महसूस कराना और उसके बच्चों से अलग कर देना किसी भी सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

आरोप है कि मारपीट के बाद रचना को लगातार तीन दिनों तक एक अंधेरे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उसे न तो पर्याप्त भोजन दिया गया और न ही पानी. पीड़िता ने इसे अमानवीय व्यवहार बताया है.

घटना की जानकारी मिलते ही कटघर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति प्रदीप, सास और ससुर के खिलाफ घरेलू हिंसा सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply