
बेलछी थाना क्षेत्र के बाघाटिला गांव में महज 400 रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट में एक दिव्यांग व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान टूना मांझी के रूप में हुई है, जो दोनों पैरों से दिव्यांग थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
टूना मांझी के छोटे भाई बाघाटीला की ओर गए थे। वहां कथित तौर पर उन्होंने किसी व्यक्ति से 400 रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में चोट आई। घटना के दौरान छोटे भाई की पत्नी और उनकी दो बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद टूना मांझी जब बाघाटीला पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेलछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस संबंध में बेलछी थानाध्यक्ष ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हत्या के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतक के परिजन आरोपितों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



