आईसीसी ने पुरुषों की सालाना वनडे टीम रैंकिंग का ऐलान किया जिसमें भारतीय टीम टॉप पर बनी हुई है। भारत के इस वक्त 118 अंक हैं जबकि इस रैंकिंग में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड है जिसके भारत के सिर्फ 5 अंक ही कम है। न्यूजीलैंड के कुल 113 अंक हैं जबकि तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम 109 अंक के साथ मौजूद हैं। हालांकि इसमें भारत को एक रेटिंग अंक का नुकसान हुआ, लेकिन फिर भी टीम के 118 अंक हैं।

भारत नंबर 1, पाकिस्तान की टीम 5वें स्थान पर
सालाना रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को पूरा वेटेज दिया जाता है, जबकि पिछले दो सालों के नतीजों को आधा वेटेज दिया जाता है। प्रोटीयाज के 102 अंक ने उन्हें पाकिस्तान के 98 अंक से आगे निकलने और टॉप चार में जगह बनाने में मदद की है। यानी साउथ अफ्रीका का टीम चौथे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान की टीम 98 अंक के साथ 5वें स्थान पर है।
टॉप 10 की बाकी टीमें वैसी ही बनी हुई हैं, जिसमें श्रीलंका , अफगानिस्तान और इंग्लैंड टॉप आठ में शामिल हैं।बांग्लादेश 84 अंक के साथ नौवें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज के अब 74 अंक है और पिछले अपडेट के मुकाबले अब टाइगर्स से 10 पॉइंट्स पीछे है । टीमों को इस रैंकिंग से आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए सीधे क्वालिफाई करने में मदद मिलेगी।



