Indian Railways New Facility For Players: देशभर के खिलाड़ियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण और राहत भरा फैसला लागू किया है। नई व्यवस्था के तहत अब खिलाड़ियों को अपने भारी और बड़े आकार के खेल उपकरण ट्रेनों में ले जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने खेल प्रतिभाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की है, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी।

नहीं देना होगा अतिरिक्त शुल्क
नई व्यवस्था के अनुसार खिलाड़ी अब भाला , क्रिकेट और हॉकी किट, गोल्फ किट, टेनिस रैकेट, शूटिंग उपकरण, पोल वॉल्ट, पैरा स्पोर्ट्स उपकरण, व्हीलचेयर, स्पोर्ट्स गियर बैग तथा अन्य बड़े आकार के खेल सामान को ट्रेन से आसानी से ले जा सकेंगे। पहले ऐसे उपकरणों के आकार और वजन को लेकर कई प्रतिबंध थे, जिसके कारण खिलाड़ियों को अतिरिक्त शुल्क या अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
खिलाड़ी जिस ट्रेन से करेंगे यात्रा उसी ट्रेन में होगा उनका खेल उपकरण
रेलवे ने यह भी सुनिश्चित किया है कि खिलाड़ी जिस ट्रेन से यात्रा करेंगे, उनके खेल उपकरण उसी ट्रेन के लगेज वैन में भेजे जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को अपने सामान के समय पर पहुंचने की चिंता नहीं रहेगी। पहले कई बार खेल उपकरण अलग ट्रेन से भेजे जाते थे, जिसके कारण प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप दी जाएगी विशेष प्राथमिकता
के संयुक्त निदेशक रोहित कुमार द्वारा जारी आदेश के बाद यह व्यवस्था पूरे देश में लागू कर दी गई है। नई नीति के तहत खेल उपकरणों को सामान्य व्यावसायिक माल की तरह नहीं देखा जाएगा, बल्कि खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
खेल जगत से जुड़े लोगों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत किया है। खिलाड़ियों का मानना है कि इससे प्रतियोगिताओं के लिए यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा और उनका ध्यान केवल प्रदर्शन पर केंद्रित रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
रेलवे की इस पहल से न केवल का समय और धन बचेगा, बल्कि उन्हें प्रतियोगिताओं में बेहतर तैयारी के साथ हिस्सा लेने का अवसर भी मिलेगा। यह निर्णय देश के खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।



