महिला टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच के दौरान भारतीय स्पिनर श्रेयंका पाटिल टखने की गंभीर चोट का शिकार हो गईं। दर्द के कारण वह मैदान पर ही गिर पड़ीं और बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा, जिससे टीम इंडिया की चिंता बढ़ गई है।

INDW vs NEDW, Shreyanka Patil injury: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स के खिलाफ भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन इस खुशी के बीच टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर भी सामने आई। भारत की स्टार स्पिनर श्रेयंका पाटिल मैच के दौरान चोटिल हो गईं, जिसके बाद उन्हें मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा।
श्रेयंका भारतीय महिला टीम की प्रमुख गेंदबाजों में से एक हैं और टूर्नामेंट के अहम चरण में उनकी चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। मैदान पर दर्द से कराहती श्रेयंका को देखकर साथी खिलाड़ी और फैंस भी काफी परेशान नजर आए।
INDW vs NEDW: गेंद रोकने के प्रयास में हुआ बड़ा हादसा
यह घटना इस मुकाबले के नीदरलैंड्स की पारी के छठे ओवर की पहली गेंद पर हुई। श्रेयंका पाटिल गेंदबाजी कर रही थीं और डच बल्लेबाज मोल्केनबोअर स्ट्राइक पर थीं। गेंद फेंकने के बाद श्रेयंका खुद ही मिडऑन की तरफ जाती गेंद को रोकने के लिए तेजी से आगे बढ़ीं, लेकिन इसी दौरान उनका पैर गलत तरीके से जमीन पर पड़ा और उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते उनका टखना बुरी तरह मुड़ गया और वह दर्द से मैदान पर ही बैठ गईं।
Shreyanka Patil gets injured
Twisted her foot while fielding. pic.twitter.com/Wtsnb55OnY— Rehan 56 June 17, 2026
INDW vs NEDW: फिजियो की जांच के बाद बुलाना पड़ा स्ट्रेचर
श्रेयंका को दर्द में देखकर अंपायरों और खिलाड़ियों ने तुरंत मेडिकल सहायता मांगी। भारतीय टीम के फिजियो ने मैदान पर पहुंचकर उनकी जांच की, लेकिन शुरुआती मुआयने में ही साफ हो गया कि वह अपने पैरों पर खड़ी होने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बाद मेडिकल कार्ट और स्ट्रेचर मैदान पर बुलाया गया। श्रेयंका को स्ट्रेचर पर लेटाकर मैदान से बाहर ले जाया गया, जबकि उनके चेहरे पर दर्द और निराशा साफ दिखाई दे रही थी।
INDW vs NEDW: टीम इंडिया के लिए बढ़ी चिंता
महिला टी20 वर्ल्ड कप के बीच श्रेयंका की चोट भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। वह मध्य ओवरों में विकेट निकालने और रन रोकने की क्षमता रखती हैं। ऐसे में यदि चोट गंभीर साबित होती है तो कप्तान हरमनप्रीत कौर और टीम मैनेजमेंट को संयोजन में बदलाव करने पर मजबूर होना पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजरें उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं।
INDW vs NEDW: चोटों से पुराना नाता रहा है श्रेयंका का
श्रेयंका पाटिल पहले भी कई बार चोटों से जूझ चुकी हैं। एशिया कप 2024 के दौरान उंगली में गंभीर चोट लगने के कारण वह करीब 14 महीने तक क्रिकेट से दूर रहीं थीं। इसके अलावा उन्हें अंगूठे के फ्रैक्चर और दोनों पैरों की पिंडली से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा है। ऐसे में फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार टखने की चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकें।



