Technology

इंस्टाग्राम लाया नया Instants ऐप, फोटो देखने के बाद हो जाएगी गायब

Instagram Instants App: इंस्टाग्राम एक बार फिर सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है. मेटा अपने नए फोटो शेयरिंग ऐप Instants की टेस्टिंग कर रहा है, जो स्नैपचैट और BeReal को सीधी टक्कर देगा. इस ऐप की सबसे खास बात यह है कि इसमें भेजी गई फोटो और वीडियो कुछ समय बाद अपने आप गायब हो जाएंगे. Instants को खासतौर पर उन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है, जो बिना एडिट और बिना फिल्टर के अपनी असली जिंदगी दोस्तों के साथ साझा करना चाहते हैं. यह ऐप सोशल मीडिया को और ज्यादा निजी, तेज और रियल बनाने की दिशा में मेटा का नया कदम माना जा रहा है.

इंस्टाग्राम लाया नया Instants ऐप, फोटो देखने के बाद हो जाएगी गायब
इंस्टाग्राम लाया नया Instants ऐप, फोटो देखने के बाद हो जाएगी गायब

Instants क्या है और कैसे करेगा काम?

Instants एक नया स्टैंडअलोन ऐप है, जिसे इंस्टाग्राम ने चुनिंदा बाजारों में टेस्टिंग के लिए पेश किया है. फिलहाल यह इटली और स्पेन जैसे देशों में उपलब्ध है. यह ऐप यूजर्स को तुरंत फोटो और वीडियो कैप्चर करके दोस्तों के साथ साझा करने की सुविधा देता है. खास बात यह है कि इसमें कैमरा रोल से फोटो अपलोड नहीं की जा सकती. यूजर केवल ऐप के कैमरे से ही तस्वीर या वीडियो बना सकते हैं. शेयर किया गया कंटेंट सिर्फ एक बार देखा जा सकेगा और अधिकतम 24 घंटे तक उपलब्ध रहेगा. इसके बाद वह अपने आप गायब हो जाएगा.

Snapchat और BeReal को देगा चुनौती

Instants को स्नैपचैट, लॉकेट और बीरियल जैसे प्लेटफॉर्म्स से प्रेरित बताया जा रहा है. इंस्टाग्राम का मकसद यूजर्स को कम दबाव वाला सोशल अनुभव देना है, जहां वे बिना एडिटिंग और बिना फिल्टर के पल साझा कर सकें. यूजर्स तस्वीरों पर केवल साधारण टेक्स्ट जोड़ पाएंगे, लेकिन किसी तरह के फिल्टर या एडवांस एडिटिंग टूल्स नहीं मिलेंगे. यह ऐप खास तौर पर रियल टाइम मोमेंट्स शेयर करने पर फोकस करता है. ऐसे में यह उन लोगों के लिए आकर्षक साबित हो सकता है, जो सोशल मीडिया पर अधिक स्वाभाविक और निजी अनुभव चाहते हैं.

इंस्टाग्राम से जुड़ा रहेगा पूरा अनुभव

Instants को इंस्टाग्राम के साथ जोड़ा गया है. यूजर्स अपने म्यूचुअल फॉलोअर्स या फ्रेंड्स लिस्ट के साथ कंटेंट साझा कर सकेंगे. यह फ्रेंड्स लिस्ट इंस्टाग्राम और Instants दोनों में सिंक रहेगी. यानी आप केवल उन्हीं लोगों को Instants भेज पाएंगे, जो आपको फॉलो करते हैं और जिन्हें आप भी फॉलो करते हैं. मेटा ने पुष्टि की है कि यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा. हालांकि, फिलहाल इसे डाउनलोड के लिए जारी नहीं किया गया है. आने वाले समय में इसे इंस्टाग्राम ऐप के फीचर और अलग ऐप दोनों रूपों में पेश किया जा सकता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply