
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी और एनसीआर में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस कार्रवाई में दो नाइजीरियाई नागरिक, एक घाना के नागरिक और दो भारतीय समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 2.554 किलोग्राम हेरोइन और 881 ग्राम MDMA बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि नाइजीरिया का रहने वाला 52 वर्षीय मोरिस ओकाली दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन और MDMA की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहदरा स्थित एक अस्पताल के पास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध को एक काले बैग के साथ हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन और MDMA बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद पुलिस ने NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला नेटवर्क
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर 23 जुलाई को दिल्ली के निलोठी क्षेत्र से घाना के नागरिक इमैनुएल और नाइजीरियाई नागरिक इबेग्बू चिगोजी सैमुअल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से भी हेरोइन और MDMA बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि दोनों कथित तौर पर विदेशी ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े थे और मादक पदार्थों की खरीद, भंडारण, परिवहन और सप्लाई का काम संभालते थे।
दो भारतीय सहयोगी भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली के नंद नगरी निवासी समीर उर्फ नन्हे और गाजियाबाद के शालीमार गार्डन क्षेत्र से जुड़ी एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, समीर के कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस का दावा है कि समीर विदेशी आरोपियों और स्थानीय ड्रग्स सप्लायरों के बीच कड़ी का काम करता था, जबकि महिला आरोपी पर ड्रग्स की खरीद, परिवहन और वितरण में शामिल होने का आरोप है।
पहले भी दर्ज हैं मामले
क्राइम ब्रांच के अनुसार, गिरफ्तार भारतीय आरोपियों के खिलाफ पहले भी NDPS Act और अन्य मामलों में केस दर्ज रहे हैं। वहीं, मुख्य आरोपी मोरिस ओकाली वर्ष 2020 में भारत आया था और उसका वीजा समाप्त होने के बावजूद वह देश में रह रहा था। उसके खिलाफ विदेशी नागरिकों से जुड़े कानूनों के तहत पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।
जांच जारी, नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 11 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। अब जांच एजेंसियां ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



