Satya Report: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अनुशासन तोड़ने पर अंगकृष रघुवंशी पर कड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता नाइट राइडर्स के इस युवा बल्लेबाज पर 20 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।

अंगकृष रघुवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में आउट होने के बाद गुस्से में अपना बल्ला और हेलमेट फेंक दिया था। मैच के दौरान हुई इस घटना को आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी को सजा भुगतनी पड़ी।
विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को आईपीएल के मैच नंबर 38 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खिलाड़ियों और टीम पदाधिकारियों के लिए बनी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया।
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘अंगकृष रघुवंशी को IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह मैच के दौरान ‘क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्चर और फिटिंग का गलत इस्तेमाल’ करने संबंधित है। यह घटना पांचवें ओवर में हुई, जब ‘फील्ड में बाधा डालने’ के कारण आउट दिए जाने के बाद अंगकृष रघुवंशी ने गुस्से में अपने बल्ले को बाउंड्री कुशन पर मारा और उसके बाद उसी तरह अपना हेलमेट डगआउट में फेंक दिया।’’



