दिवाली के बाद देश के कई हिस्सों में एयर पॉल्यूशन ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. प्रदूषण के बढ़ते लेवल के बीच हवा में मौजूद बारीक कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों और श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से खांसी, गले में जलन, सांस फूलने और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. जिन लोगों को पहले से सांस या दिल की बीमारी है, उनके लिए भी जोखिम अधिक हो सकता है. इसका असर खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर पड़ने की आशंका अधिक रहती है.

बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं, जबकि बुजुर्गों में उम्र के साथ फेफड़ों की कार्यक्षमता और शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.
ऐसे हालात में बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण से बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और घर के अंदर उनकी सेहत कैसे सुरक्षित रखी जा सकती है? आइए, डॉक्टर से जानते हैं।
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
दिल्ली में दिवाली की रात प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 1700 के पार पहुंच गया था. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि प्रदूषण सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि घर के अंदर भी पहुंच सकता है.
डॉक्टर विकास मित्तल का कहना है कि इसलिए अगर घर के अंदर भी धुआं, धूल या प्रदूषण महसूस हो रहा है, तो खासकर बच्चों, बुजुर्गों, अस्थमा, COPD और दिल के मरीजों को अच्छी फिटिंग वाला एन95 मास्क पहनना चाहिए.
इसके अलावा घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और संभव हो तो HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर चलाएं. घर में अगरबत्ती, धूप या कोई ऐसी चीज न जलाएं जिससे धुआं पैदा हो.
इन बातों का रखें ध्यान
अगर एयर प्यूरीफायर नहीं है, तो बाहर की हवा बहुत खराब होने पर खिड़कियां खोलने से बचें. साथ ही, घर के अंदर भी AQI पर नजर रखें. अगर सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या लगातार खांसी हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से संपर्क करें. मास्क बचाव का एक तरीका है, लेकिन साफ इनडोर हवा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है.



