CrimeIndiaPunjabTrending

फोन कॉल में हुआ खुलासा! प्रेमी से इश्क लड़ाने में पति ने अड़ाई टांग, पत्नी ने आशिक संग मिल कर दी हत्या.

फोन कॉल में हुआ खुलासा! प्रेमी से इश्क लड़ाने में पति ने अड़ाई टांग, पत्नी ने आशिक संग मिल कर दी हत्या.

संगरूर जिले के धूरी क्षेत्र के गांव मीमसा में पिछले महीने खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में एक शव मिला था, जिसे अब हत्या बताया जा रहा है. शुरुआती जांच में इसे सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन फोन पर हुई एक बातचीत ने इस पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है. 

मृतक की मां ने इसे हत्या की साजिश बताते हुए पुलिस से शिकायत की है. पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार आठ मई को 38 वर्षीय जगतार सिंह का शव गांव के पास ही स्थित एक बंद पड़े सूअर फार्म में मिला था. उस दौरान जगतार के परिवार ने इसे सामान्य मौत ही समझा था, लेकिन बाद में धीरे-धीरे परिस्थितियां बदलती चली गईं और यह मामला संदिग्ध बन गया. 

मृतक की मां सुरजीत कौर के अनुसार जगतार सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर के अपनी भाभी के चचेरे भाई सुखवीर सिंह के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे. मृतक की मां का कहना है कि सुखवीर सिंह का उनके घर पर लगातार आना-जाना था और वह अक्सर मनप्रीत कौर तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी काम के बहाने शहर ले जाता था.

जगतार को हो गयी थी पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी 

जानकारी के अनुसार करीब तीन माह पहले जगतार सिंह को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई थी. इसके बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया था. जगतार सिंह ने इस बात को लेकर अपनी पत्नी से नाराजगी भी जताई थी और सुखवीर सिंह से भी उसकी फोन पर बहस हुई थी. आठ मई को जगतार सिंह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद मोटरसाइकिल से खेतों की ओर चला गया, लेकिन उसके बाद उसकी कोई खबर नहीं आई. शाम को जब उसकी तलाश शुरू की गयी तो उसका शव गांव के पास एक बंद पड़े सूअर फार्म में मिला. परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था.

मां ने किया खुलासा 

इस मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब मृतक की मां ने कथित रूप से अपनी बहू को फोन पर किसी व्यक्ति से बातचीत करते सुना. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार बातचीत में जगतार सिंह की हत्या की चर्चा हो रही थी. इसके बाद जब परिवार ने फोन की जांच की तो पता चला कि बात सुखवीर सिंह से की जा रही थी. मृतक के परिजनों का यह भी आरोप है कि जगतार की मृत्यु वाले दिन ही गांव के कुछ लोगों ने सुखवीर सिंह को एक अन्य व्यक्ति के साथ खेतों की तरफ से तेजी से जाते हुए भी देखा था. इन आरोपों के आधार पर ही परिवार का शक और गहरा हो गया कि जगतार सिंह की मौत कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी.

थाना सदर धूरी के प्रभारी इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी मनप्रीत कौर, सुखवीर सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या किस प्रकार की गई. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply