उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में बड़ा बवाल हो गया है. नर्सिंग के दर्जनों छात्रों के फेल होने का मामला बुधवार दोपहर काफी गरमा गया. परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायत करने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच जमकर मारपीट हुई. आरोप है कि कॉलेज के कर्मचारियों और जूनियर डॉक्टरों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को बंधक बना लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को मुक्त कराया.

घटना के बाद जिले भर के छात्र संगठनों में आक्रोश फैल गया. तनाव को देखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में दो कंपनी पीएसी समेत भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक नर्सिंग के दर्जनों छात्रों के फेल किए जाने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रिंसिपल अरविंद त्रिवेदी को शिकायत दी. इस दौरान प्रिंसिपल से उनकी बहस हो गई. इस दौरान कॉलेज के कर्मचारियों और जूनियर डॉक्टरों ने छात्रों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की.
प्रिंसिपल ने किया पलटवार
प्रिंसिपल अरविंद त्रिवेदी ने इस घटना को लेकर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि बाहरी तत्वों ने ऑफिस में घुसकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की. उन्होंने कहा कि परीक्षा और परिणाम से मेडिकल कॉलेज का कोई लेनादेना नहीं है. यह यूनिवर्सिटी स्तर का मामला है. इसी के साथ उन्होंने बताया कि बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई भी मेडिकल कॉलेज से अलग है. उनके लिए प्रिंसिपल अलग होते हैं.
जांच में जुटी पुलिस
बवाल की सूचना पर जालौन एसपी सुरेश चंद्र रावत ने खुद मौका मुआयना किया है. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग के सेकंड लास्ट सेमेस्टर के करीब 50 प्रतिशत छात्र फेल हुए हैं. इस संबंध में छात्रों के साथ कुछ छात्र नेता प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान प्रिंसिपल के साथ बहस हुई और मारपीट हुई है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच हो रही है. जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.



