
सुल्तानपुर, अमृत विचार। यूपीजापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 के पांचवें दिन उत्तर प्रदेश और जापान के बीच आपसी संबंधों को लेकर गर्मजोशी देखने को मिली। वाराणसी की यात्रा पर जा रहे जापानी प्रतिनिधिमंडल ने सुल्तानपुर में कुछ देर रुककर जिले की मेहमाननवाजी का अनुभव किया।
यामानाशी प्रान्त के गवर्नर महामहिम कोतारो नागासाकी तथा वाइस गवर्नर महामहिम जुनिची इशिडेरा के साथ जापानी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य सुल्तानपुर पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी श्री इंद्रजीत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी मेहमाननवाजी की।
संक्षिप्त मुलाकात के दौरान भारत और जापान के बीच दोस्ती, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक आदानप्रदान की झलक देखने को मिली। सुल्तानपुर में जापानी प्रतिनिधिमंडल का यह पड़ाव उत्तर प्रदेश और जापान के बीच लगातार मजबूत हो रहे संबंधों की तस्वीर भी पेश करता नजर आया।
UPजापान इन्वेस्टमेंट मीट के दौरान प्रदेश में निवेश, औद्योगिक सहयोग और दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में जापानी प्रतिनिधिमंडल का सुल्तानपुर आगमन जिले के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा प्रतिनिधिमंडल के स्वागत और आतिथ्य ने ‘अतिथि देवो भवः’ की भारतीय परंपरा को भी प्रदर्शित किया। यह संक्षिप्त मुलाकात भले ही कुछ समय की रही, लेकिन इसने उत्तर प्रदेश और जापान के बीच दोस्ती एवं सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने का संदेश दिया।



