CricketIndia

England Test Team की रेस में Justin Langer सबसे आगे, रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ दावेदारी से बाहर

England Test Team की रेस में Justin Langer सबसे आगे, रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ दावेदारी से बाहर
इंग्लैंड की टेस्ट क्रिकेट टीम के लिए नए मुख्य कोच की तलाश अब अंतिम दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। ब्रेंडन मैकुलम को पद से हटाए जाने के बाद इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने नए कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी है। मौजूद जानकारी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और पूर्व मुख्य कोच जस्टिन लैंगर इस पद के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।
बता दें कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की प्राथमिक सूची में जस्टिन लैंगर का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है। हालांकि उनकी नियुक्ति से पहले उनके मौजूदा अनुबंध सबसे बड़ा मुद्दा बने हुए हैं। लैंगर इस समय इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच हैं। इसके अलावा वह द हंड्रेड प्रतियोगिता में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के साथ भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में यदि उन्हें इंग्लैंड की जिम्मेदारी स्वीकार करनी होती है तो इन कॉन्ट्रैक्टो पर फैसला लेना होगा।
गौरतलब है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला शुरू होने से पहले नए मुख्य कोच की नियुक्ति करना चाहता है। ऐसे में आने वाले दिनों में बोर्ड और जस्टिन लैंगर के बीच औपचारिक बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। यदि सभी कॉन्ट्रैक्ट संबंधी बाधाएं दूर हो जाती हैं तो लैंगर को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
वहीं भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ को लेकर भी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि मौजूद जानकारी के अनुसार दोनों पूर्व भारतीय मुख्य कोच इस पद की मौजूदा चयन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हैं। यानी इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड फिलहाल उनके नाम पर विचार नहीं कर रहा है।
इस बीच इंग्लैंड के पूर्व मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने भी इस पद की दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। फ्लावर इस समय द हंड्रेड प्रतियोगिता में लंदन स्पिरिट के कोच हैं। इसके अलावा उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो बार खिताब दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में ही बने रहने का फैसला किया है।
बता दें कि जस्टिन लैंगर ने वर्ष 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने इसी पद पर एंडी फ्लावर की जगह ली थी। अब यदि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड उन्हें आधिकारिक प्रस्ताव देता है तो उनके सामने तीन विकल्प होंगे। पहला, वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट छोड़कर पूरी तरह इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालें। दूसरा, केवल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बने रहें। तीसरा, दोनों जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करें।
दूसरी ओर ब्रेंडन मैकुलम का कार्यकाल हाल के समय में टीम के कमजोर प्रदर्शन के कारण समाप्त हुआ। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने 49 टेस्ट मुकाबले खेले, जिनमें 27 में जीत, दो मुकाबले बराबरी पर और 20 में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि शुरुआती दौर में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन अंत में इंग्लैंड अपने अंतिम नौ टेस्ट मैचों में से सात हार गया।
मैकुलम ने पद छोड़ने के बाद कहा कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम के साथ बिताया गया समय उनके लिए बेहद यादगार रहा। उन्होंने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि टीम में अपार प्रतिभा मौजूद है और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट में फिर मजबूत वापसी करेगा। अब सभी की नजर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के अंतिम फैसले पर टिकी है, क्योंकि नए मुख्य कोच के सामने टीम को फिर से जीत की राह पर लौटाने की बड़ी चुनौती होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply