
Kamal Kaur Bhabhi Murder Case: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी, जिन्हें कमल कौर भाभी के नाम से भी जाना जाता था. 11 जून, 2025 को बठिंडा के एक अस्पताल की पार्किंग में लावारिस कार में मृत पाई गई थीं. जिसके बारे में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया था कि मोगा के रहने वाले और खुद को कट्टरपंथी सिख नेता बताने वाले 30 वर्षीय अमृतपाल सिंह मेहरों जून 2025 में कंचन कुमारी की हत्या के बाद यूएई भाग गए थे.
बताया जा रहा है कि कंचन कुमारी लुधियाना की रहने वाली थीं. 9 जून को वह अपनी मां को यह बताकर घर से निकलीं कि वह एक प्रमोशनल इवेंट के लिए बठिंडा जा रही हैं. 11 जून को उनकी लाश एक कार से बरामद हुई.
आरोपियों ने क्या बताया था?
पुलिस पूछताछ के दौरान, इस मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने बताया कि मेहरों और उनके साथी इन्फ्लुएंसर की हत्या के खास मकसद से तीन महीने से रेकी कर रहे थे. कई दिनों तक मेहरों अपने साथियों के साथ कुमारी के घर के पास स्थित एक होटल में भी रुके थे. मेहरों उनके घर दो बार गए भी थे, लेकिन दोनों बार वह वहां मौजूद नहीं थीं. इसके बाद मेहरों ने 8 जून को उनसे संपर्क किया और कहा कि उन्हें एक कार के प्रमोशन के लिए बठिंडा जाना है.
कैसे हुई थी हत्या?
इसके बाद, कंचन कुमारी 9 जून को अपनी कार से लुधियाना से बठिंडा गईं. वहां पहुंचने पर मेहरों, जसप्रीत सिंह और निमराजित सिंह उनकी गाड़ी में सवार हो गए. सबसे पहले तीनों आरोपी उनकी कार को एक गैराज ले गए, जहां उन्होंने रात 12.30 बजे तक उसकी मरम्मत करवाई. इसके बाद एक पेट्रोल पंप पर अपनी स्कॉर्पियो पार्क करने के बाद वे चारों कंचन को साथ लेकर उसकी कार में एक साथ आगे बढ़े.
जब मेहरों गाड़ी चला रहा था, जसप्रीत और निमराजीत ने कंचन कुमारी के दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए और उससे पासवर्ड मांगे. जब उसने पासवर्ड बताने से इन्कार किया तो उन दोनों साथियों ने उसके साथ मारपीट की. इसके बाद एक सुनसान जगह पर कार के अंदर बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई थी.
हत्या के बाद बनाया वीडियो
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें अमृतपाल सिंह मेहरों को यह कहते हुए देखा गया था कि कुमारी की हत्या उसके दो साथियों ने सोशल मीडिया पर उसके ‘अनैतिक और अश्लील कंटेंट’ की वजह से की थी. उसने ‘आपत्तिजनक कंटेंट’ बनाने वाले अन्य लोगों को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी थी. पुलिस के अनुसार, मेहरों पर राज्य की कम से कम दो अन्य महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को धमकी देने का भी आरोप था.
कौन थीं कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी?
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय कंचन कुमारी एक प्रवासी परिवार से थीं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘कमल कौर भाभी’ के नाम से बनाए थे. कमल कौर के इंस्टाग्राम पर चार लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वह कई दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय थीं. उन्हें अक्सर उनके कथित दोहरे अर्थ वारे वीडियो के आलोचनाओं की सामना करना पड़ता था. अमृतपाल सिंह मेहरों ने भी कई बार उनके पोस्ट पर आपत्ति जताई थी. कमल कौर अपनी मां, दो भाइयों और दो बहनों के साथ लुधियाना के लक्ष्मण नगर में रहती थीं.



