
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एक नए विवाद में घिरती नजर आ रही है। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी के कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। आरोप है कि मंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान इस्लाम को बाकी सभी धर्मों से श्रेष्ठ बताया। बयान सामने आने के बाद भाजपा ने इसे हिंदू और सनातन धर्म का अपमान बताते हुए मंत्री से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग की है।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कर्नाटक सरकार पहले से ही एक मंत्री के इस्तीफे को लेकर चर्चा में थी। अब बसवराज रायरेड्डी के बयान ने राज्य की सियासत को फिर गरमा दिया है।
कार्यक्रम में क्या बोले बसवराज रायरेड्डी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी ने कोप्पल जिले के कुकनूर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस्लाम और दूसरे धर्मों को लेकर अपनी राय रखी थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मंत्री ने कहा कि जो लोग इस्लाम के बारे में जानकारी नहीं रखते, वे इसके बारे में गलत धारणाएं बना लेते हैं। उन्होंने कथित तौर पर इस्लाम को अन्य धर्मों से श्रेष्ठ बताते हुए कहा कि इसकी शुरुआत मानवता से होती है। उन्होंने इसे एक वैज्ञानिक धर्म भी बताया और कहा कि यह लोगों को सही तरीके से जीवन जीने की सीख देता है।
मंत्री ने यह भी कहा कि वह भले ही ज्यादा मंदिरों या मठों में नहीं जाते, लेकिन अलग-अलग धर्मों और उनके इतिहास का अध्ययन करते हैं। उन्होंने मक्का जाने की इच्छा का भी जिक्र किया। हालांकि, उनके मुताबिक धर्म परिवर्तन से जुड़ी परंपरा के कारण वह वहां नहीं जा सकते।
बयान पर BJP ने कांग्रेस को घेरा
मंत्री के कथित बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की।
आर अशोक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अगर कांग्रेस की कैबिनेट का कोई मंत्री सनातन धर्म, मंदिरों और मठों के खिलाफ टिप्पणी करता है तो सरकार उस पर चुप क्यों रहती है।
भाजपा नेता ने मांग की कि बसवराज रायरेड्डी को अपना बयान वापस लेना चाहिए और हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री ऐसा नहीं करते हैं तो मुख्यमंत्री को उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए।
‘तुष्टिकरण की राजनीति’ का लगाया आरोप
भाजपा ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की कथित तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ते हुए भी हमला बोला है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस के मंत्री वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता अशोक गौड़ा ने भी रायरेड्डी के बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने वोटर्स को खुश करने के लिए ऐसी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं।
फिलहाल मंत्री के कथित बयान को लेकर कर्नाटक की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा लगातार मुख्यमंत्री से मंत्री के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग कर रही है। वहीं, इस बयान को लेकर कांग्रेस सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी सबकी नजर है।



