
लखनऊ,अमृत विचार : राजधानी के के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम में चल रही 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को रिंग में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। बालिका वर्ग के मुकाबले खत्म होने के बाद अब बालक वर्ग के मुक्केबाज अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवा रहे हैं। 17 मंडलों से पहुंचे 290 मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल और फाइनल में जगह बनाने के लिए जीतोड़ पसीना बहाया । शुक्रवार को दिनभर क्वालीफिकेशन, प्रीक्वार्टर और क्वार्टर फाइनल के मुकाबले चले। रिंग में मुक्केबाजों की स्पीड, पंच और कॉम्बिनेशन देखने लायक थे।पूर्व नेशनल कोच पहुंचे स्टेडियम, बढ़ाया खिलाड़ियों का पारा
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच डगलस शेफर्ड ने एरिना में पहुंचकर युवा मुक्केबाजों का हौसला बढ़ाया। रिंग में उतरे खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हुए उन्होंने टिप्स दिए, जिसे पाकर युवा बॉक्सर काफी जोश में नजर आए।
कड़े अनुशासन और फुल मेडिकल सपोर्ट के बीच मैच
शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल के संरक्षण और संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हो रहे इस टूर्नामेंट में व्यवस्थाएं चाकचौबंद हैं।
अनुशासन व व्यवस्था
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने लगातार मैचों और व्यवस्थाओं पर नजर रखी। जीआईसी निशातगंज के प्रधानाचार्य सौरभ प्रताप सिंह की टीम ने खानपान और साफसफाई की कमान संभाली, तो जीआईसी सीतापुर के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह की अनुशासन समिति ने पूरे एरिना में व्यवस्था बनाए रखी।
हेल्थ चेकअप
खिलाड़ियों की मेडिकल जांच और इमरजेंसी के लिए डॉक्टरों की टीम पूरे समय स्टेडियम में मुस्तैद रही।
कल से शुरू होंगे खिताबी मुकाबले
मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पाण्डेय और जनपदीय क्रीड़ा सचिव अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह बचे हुए क्वालीफिकेशन और क्वार्टर फाइनल मैच पूरे किए जाएंगे। इसके बाद 26 सितंबर की दोपहर से ही अलगअलग भार वर्ग के फाइनल मुकाबले शुरू हो जाएंगे, जो 27 सितंबर तक चलेंगे। 27 सितंबर को ही इस महाकुंभ का रंगारंग समापन होगा।
रिपोर्ट : दरख्शां कदीर सिद्दीकी
यह भी पढे



