सुबह का नाश्ता दिनभर की ऊर्जा के लिए सबसे अहम माना जाता है। वजन बढ़ने की चिंता में कई लोग अपनी पसंदीदा चीजें खाना छोड़ देते हैं, जबकि जरूरत केवल सही विकल्प चुनने की होती है। जरूरी नहीं कि नाश्ते में तलीभुनी चीजें ही खाई जाएं। वजन का ध्यान रखते हुए आप अपने नाश्ते में 10 लोऑयल रेसिपी शामिल कर सकते हैं।

अगर आप भी सुबह कुछ हल्का, स्वादिष्ट और कम तेल वाला नाश्ता ढूंढ रहे हैं, तो कुछ ऐसी रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं जो स्वाद और सेहत के बीच अच्छा संतुलन बनाने में मदद कर सकती हैं। यहां कुछ ऐसे बेक्रफास्ट ऑप्शन बताए गए हैं जिन्हें बिना डीप फ्राई किए आसानी से आप बना सकते हैं।
वेजिटेबल इडली
नाश्ते में आप वेजिटेबल इडली बना सकते हैं। इसके लिए आप सूजी या चावल के बैटर में बारीक कटी गाजर, मटर और शिमला मिर्च मिलाकर इडली सांचे में डालें। स्टीम होने के बाद इसे नारियल चटनी या सांभर के साथ सर्व करें।
ओट्स चीला
ओट्स से आप हेल्दी चीला बना सकते हैं। इसके लिए ओट्स को पीसकर उसमें दही, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च मिलाकर घोल तैयार करें। तवे पर हल्के तेल के साथ सेंकें। फाइबर से भरपूर यह नाश्ता लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकता है।
वेजिटेबल पोहा
पोहा तो अक्सर लोगों को पसंद होता है। आप इसका हल्दी वर्जन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए पोहा में मटर, गाजर, मूंगफली और करी पत्ता डालकर तैयार करें। इसमें नींबू का रस मिलाने से स्वाद और बढ़ जाता है।
मूंग दाल चीला
यह बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प है। रातभर भिगोई हुई मूंग दाल को पीसकर बैटर तैयार करें। इसमें प्याज, धनिया और अन्य सब्जियां मिलाकर चीला बनाएं। चाहें तो इसमें पनीर की स्टफिंग भी डाल सकते हैं।
सूजी उत्तपम
सूजी से आप टेस्टी उत्तपम बना सकते हैं। इसके लिए सूजी और दही का घोल तैयार करके कुछ देर के लिए रख दें। इसके ऊपर टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और हरा धनिया डालकर तवे पर पकाएं। इसे चटनी के साथ परोसें।
ढोकला
नाश्ते में आप बिना तेल वाला नाश्ता खाना चाहते हैं तो बेसन या सूजी से तैयार ढोकला स्टीम करके बना सकते हैं। ऊपर से राई, करी पत्ता और हरी मिर्च का हल्का तड़का लगाने से इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है।
दहीचना चाट
नाश्ते में आप दहीचना चाट बना सकते हैं। इसके लिए उबले हुए काले या सफेद चनों में दही, टमाटर, खीरा और हरा धनिया मिलाएं। ऊपर से भुना जीरा और काला नमक डालकर परोसें। यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर विकल्प हो सकता है।
वेज अप्पे
यह हेल्दी बेकफ्रास्ट का अच्छा ऑप्शन है। सूजी या इडली बैटर में कटी हुई सब्जियां मिलाकर अप्पे पैन में तैयार करें। इसमें बहुत कम तेल लगता है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकता है।
स्प्राउट्स सलाद
जो लोग सेहत को लेकर सजग होते हैं उन्हें स्प्राउट्स सलाद खाने के फायदे पता होते हैं। इसके लिए अंकुरित मूंग या मिश्रित दालों में टमाटर, प्याज, खीरा और नींबू का रस मिलाएं। चाहें तो इसमें अनार के दाने भी डाल सकते हैं।
फ्रूट और योगर्ट बाउल
एक कटोरे में दही लें और उसमें मौसमी फल जैसे सेब, केला, पपीता या बेरीज मिलाएं। ऊपर से बादाम, अखरोट या चिया सीड्स डालकर परोसें। यह स्वादिष्ट होने के साथ पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यदि आप किसी विशेष बीमारी, एलर्जी, मधुमेह, हृदय रोग या वजन प्रबंधन से जुड़ी किसी चिकित्सकीय स्थिति से जूझ रहे हैं, तो अपने आहार में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह अवश्य लें।



