
गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी आजकल निरंतर चर्चा में बनी हुई है, अब खोड़ा के प्रसिद्ध ‘श्री जी श्याम डेयरी रेस्टोरेंट’ पर एक ग्राहक अनुराग कटियार ने कीड़े-मकोड़े युक्त दूषित भोजन परोसने का आरोप लगाते हुए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, गाजियाबाद को शिकायती पत्र लिखा है।
इस पत्र में अनुराग ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है,” मैं खाद्य सुरक्षा के घोर उल्लंघन के संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहा हूँ। आज, 4 जून, 2026 को, मैंने खोड़ा, गाजियाबाद स्थित “श्री जी श्याम डेयरी” से रवा मसाला डोसा, मशरूम चिली और पानी की एक बोतल खरीदी थी। रवा मसाला डोसा खाने पर, मैंने पाया कि उसमें कीड़े (एक छोटा इल्ली / लार्वा) पके हुए थे। इस प्रकार का दूषित भोजन परोसना खाद्य सुरक्षा मानकों का घोर उल्लंघन है और जन स्वास्थ्य के लिए सीधा खतरा है। किसी व्यावसायिक खाद्य प्रतिष्ठान से इस स्तर की लापरवाही बिल्कुल अस्वीकार्य है।”

यहां आपको बता दें कि अनुराग कटियार ने अपने शिकायती पत्र के साथ दूषित भोजन के फोटो साक्ष्य संलग्न किए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिम को देखते हुए, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, गाजियाबाद से अनुरोध किया है कि वह रेस्तरां प्रबंधन के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करें। इस संदर्भ में “श्री जी श्याम डेयरी” के प्रबंधन व जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, गाजियाबाद से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।



