Hisar News: हरियाणा के हिसार में टोल प्लाजा मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम पर इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस अब हत्या और वायरल संदेश के बीच संबंधों की जांच में जुट गई है.

टोल प्लाजा पर हुई थी सनसनीखेज वारदात
जानकारी के अनुसार, हिसार के टोल प्लाजा पर कार्यरत मैनेजर संजय शुक्ला की मंगलवार को हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक स्कॉर्पियो चालक ने पहले संजय शुक्ला को टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े. आरोप है कि इसके बाद चालक ने वाहन को पीछे लिया और दोबारा उनके ऊपर चढ़ा दिया. गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को तत्काल अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल होने लगी. पोस्ट में गैंगस्टर अनिल पंडित, हरमन संधू, आरडी धालीवाल और हरि बॉक्सर के नाम का उल्लेख करते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में लिखा गया है कि संजय शुक्ला उनके दुश्मनों की मदद करता था. दावा किया गया कि उसे पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. साथ ही पोस्ट में अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि वे उनके विरोधियों का साथ देंगे तो उनका अंजाम भी ऐसा ही होगा.
‘वेट एंड वॉच’ लिखकर दी गई धमकी
वायरल पोस्ट में “Wait and Watch” लिखकर आगे और कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. पोस्ट में यह भी कहा गया है कि उनकी लड़ाई देश के दुश्मनों, नशा तस्करों, रेपिस्टों और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ है. पोस्ट का अंत “जय हिंद” के साथ किया गया है.
पुलिस को घटनास्थल से मिली पिस्टल
वारदात की सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट वास्तव में गैंग से जुड़े किसी व्यक्ति ने डाली है या नहीं.
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
संजय शुक्ला की हत्या और उसके बाद सामने आए गैंग कनेक्शन के दावे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हत्या किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे संगठित आपराधिक गिरोह का हाथ है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.


