
मामला थरंगमबाड़ी के निकट स्थित सथानागुडी गांव का है. मृतकों की पहचान 19 वर्षीय पार्थिबन और 16 वर्षीय एक लड़की के रूप में हुई है. पार्थिबन पड़ोसी पुदुपालयम गांव का निवासी था और राजमिस्त्री के रूप में काम करता था. वहीं लड़की ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पूरी की थी और आगे कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी. ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. जब इस रिश्ते की जानकारी लड़की के परिजनों को हुई तो दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद बढ़ने लगा. बताया जा रहा है कि रिश्ते को लेकर दोनों पक्षों में लगातार मतभेद बने हुए थे.
तड़के शेड में मिले दोनों के शव
घटना उस समय सामने आई जब तड़के करीब तीन बजे गांव के बाहरी हिस्से में बने एक फूस के शेड में दोनों के शव अलग-अलग फंदों से लटके हुए पाए गए. सुबह जानकारी फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
अलग-अलग समुदाय से थे दोनों
पुलिस के अनुसार युवक और लड़की अलग-अलग समुदायों से संबंध रखते थे. इसी वजह से घटना के बाद किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश और उप पुलिस अधीक्षक सरवनन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
परिवार ने उठाए ऑनर किलिंग के सवाल
पार्थिबन के परिजनों का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि ऑनर किलिंग का हो सकता है. उनका आरोप है कि दोनों के प्रेम संबंधों का लगातार विरोध किया जा रहा था और इसी कारण उनकी हत्या की गई. परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
दूसरे पक्ष ने लगाया तोड़फोड़ का आरोप
दूसरी ओर लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद दूसरे पक्ष से जुड़े कुछ लोगों ने उनके घर और वाहनों को नुकसान पहुंचाया. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है और संबंधित तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज किया जा रहा है और मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है, हत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण मौजूद है.



