India

​खौलते पानी में प्रेमी की मौत, जेबुन्निसा को 20 साल की कैद…औरंगजेब की शायर बेटी की प्रेम कहानी

औरंगजेब की बेटी जेबुन्निसा की पहचान सिर्फ शाही खानदान से नहीं थी. फारसी की विदुषी. किताबों की शौकीन शायरी में दिलचस्पी रखने वाली जेबुन्निसा का तखल्लुस था—’मख्फी’. फारसी में इसका अर्थ है छिपी हुई या पर्दे में रहने वाली. उसकी जिंदगी के साथ एक प्रेम कहानी भी जुड़ी है. प्रेमी था लाहौर का सूबेदार आकिल खां. दोनों शायर थे. उनकी मुहब्बत का सिलसिला शेरों से शुरू हुआ. फिर मुलाकातों तक पहुंचा. लेकिन कहानी का अंत बादशाह की नाराजगी, कैद और जुदाई में हुआ.

​खौलते पानी में प्रेमी की मौत, जेबुन्निसा को 20 साल की कैद…औरंगजेब की शायर बेटी की प्रेम कहानी

औरंगजेब और दिलरस बानो बेगम की बड़ी संतान जेबुन्निसा का जन्म 15 फरवरी 1638 को हुआ था. मां फारसी मूल की थीं. इसीलिए जेबुन्निसा को बचपन से ही फारसी सीखने और अदबी माहौल मिला. उसकी पढ़ाई का इंतजाम खुद औरंगजेब ने किया था. सात साल की उम्र में जेबुन्निसा को कुरान याद हो गई थी. अरबी, फारसी, गणित और खगोलशास्त्र में भी उसकी अच्छी दखल थी. सुलेख का शौक था. उसके पास दुर्लभ किताबों का बड़ा संग्रह था. विद्वानों और कवियों को सरपरस्ती देने में भी वह पीछे नहीं थी. अमेरिका की लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस ने अपने फारसी साहित्य संबंधी विशेष संग्रह में जेबुन्निसा को महिला फारसी लेखिकाओं में शामिल किया है. वह फारसी की भारतीय शैली सब्कएहिंदी में लिखती थी.

शायरी में इश्क के रंग, जुदाई की तड़प

जेबुन्निसा की शायरी में इश्क, जुदाई, तड़प और रूहानी प्रेम के रंग मिलते हैं. उसने लिखा

इश्क का रास्ता अंधेरा और लंबा है,

मगर इस राह पर चलने वाले कभी कम नहीं होते.

उसकी शायरी में सिर्फ इंसान के प्रेम की नहीं रुहानी मोहब्बत की चाहत है. खुदा से मिलने की तड़प भी है. सूफी परंपरा का उसपर असर था, जिसमें महबूब का जिक्र कई बार इंसानी प्रेम और ईश्वरीय प्रेम के बीच का फर्क मिटा देता है. एक जगह वह लिखती है कि अपने चेहरे से नकाब नहीं हटाएगी. ऐसा हुआ तो बुलबुल गुलाब को भूल सकती है और लक्ष्मी की पूजा करने वाला भक्त भी उसकी खूबसूरती की ओर आकर्षित हो सकता है. अपनी पहचान वह अपने चेहरे से ज्यादा अपनी शायरी में परखने की कोशिश करती थी. उसकी अदबी सलाहियत की झलक उसकी शख्सियत में झलकती थी.

मुगल शहजादी जेबुन्निसा और बादशाह औरंगजेब.

लाहौर की छत से शुरू प्रेम कहानी

जेबुन्निसा की प्रेम कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा लाहौर से शुरू होता है. 1662 के आसपास औरंगजेब बीमारी के कारण अपना दरबार और परिवार लेकर लाहौर पहुंचा था. उस समय लाहौर का सूबेदार आकिल खां था. वह बादशाह के वजीर का बेटा था. खूबसूरत और शायरी का शौकीन. जेबुन्निसा के शायरी की चर्चा उसने पहले ही सुन रखी थी. वह शहजादी को देखने के लिए बेचैन रहता था. इसी उम्मीद में वह महल की दीवारों के आसपास घुड़सवारी करता था.

1913 में छपी किताब The Diwan of ZebunNissa के मुताबिक एक सुबह आकिल की मुराद पूरी हुई. उसकी नजर महल की छत पर खड़ी जेबुन्निसा पर पड़ी. उसने अनार के फूल जैसे लाल रंग का लिबास पहन रखा था. आकिल खां के मुंह से बरबस एक शेर का मिसरा निकला,

‘महल की छत पर लाल रंग का एक नजारा दिखाई देता है.’

शहजादी का वहीं से जवाब था

‘न दुआओं से, न जोरजबरदस्ती से और न दौलत से उसे पाया जा सकता है.’

इसी के साथ दोनों के बीच गुफ्तगू का सिलसिला शुरू हुआ, जो जल्द ही गहरी मोहब्बत में तब्दील हो गया.

सिर पर मिट्टी की टोकरी, जुबां पर चाहत का शेर

अब मिलने की तड़प दोनों तरफ़ थी. पर शाही बंदिशें इसे मुमकिन नहीं होने दे रहीं थीं. लेकिन जहां चाह वहां राह. जिन पर इश्क का जुनून होता है, वो कुछ भी कर गुजरते हैं. उन दिनों जेबुन्निसा लाहौर में एक खूबसूरत बाग बनवा रही थी. उसमें संगमरमर का एक मंडप तैयार हो रहा था. वह अपनी सहेलियों के साथ काम देखने पहुंचीं. आकिल खां को खबर लगी तो मजदूर का बन सिर पर मिट्टी ढोने की टोकरी रखी और पहरेदारों की नजर बचाकर बाग में दाखिल हो गया.

उस समय शहजादी अपनी सहेलियों के साथ चौसर खेल रही थीं.

आकिल खां पास से गुजरा और शेर पढ़ा

‘तेरी चाहत में मैं दुनिया की धूल बनकर भटक रहा हूं.’

जेबुन्निसा ने जवाब दिया

‘तू हवा भी बन जाए, तब भी मेरे बालों का एक कतरा नहीं छू सकता.’

दोनों के बीच शेरोशायरी का सिलसिला बढ़ा और मुलाकातें होने लगीं. लेकिन शाही महल की दीवारों के भीतर कोई बात ज्यादा दिनों तक छिपी नहीं रह सकती थी. औरंगजेब तक भी इस रिश्ते की खबर पहुंच गई.

बादशाह की नाराजगी, शादी का फैसला

औरंगजेब नाराज हुआ. वापस दिल्ली आने पर इश्क के इस सिलसिले को खत्म करने के लिए उसने जेबुन्निसा की शादी का फैसला किया. जेबुन्निसा ने अपनी पसंद शर्त रखी. कई रिश्ते आए लेकिन उसने आकिल खां को चुना. लेकिन वो कौन प्रेम कहानी जिसमें मिलन इतना आसान हो! आकिल खां को किसी ने खबर दी कि बादशाह नाराज है. वह दिल्ली गया तो बादशाह का कहर टूटेगा. आकिल खां डर गया. उसने शादी से इनकार कर दिया.

मुगल बादशाह औरंगजेब.

बादशाह की नौकरी भी छोड़ने का फैसला किया. जेबुन्निसा को यह बात बहुत नागवार गुजरी. शेर के जरिए अपनी नाराजगी जताई. आकिल खां ने जवाब दिया, “कोई समझदार आदमी ऐसा काम क्यों करे, जिसके लिए बाद में पछताना पड़े?’ हालांकि फिर भी कहानी खत्म नहीं हुई. आकिल खां चुपके से दिल्ली पहुंचा. दोनों की फिर मुलाकात हुई.

देग में छिपा प्रेमी और बादशाह का सवाल

इस प्रेम कहानी का सबसे नाटकीय हिस्सा वह बड़ा देग था, जिसमें आकिल को बादशाह की निगाह से बचने के लिए छिपना पड़ा. बताया जाता है कि एक दिन आकिल खां जेबुन्निसा के बाग में उससे मिलने आया हुआ. अचानक औरंगजेब वहां पहुंच गया. शहजादी घबरा गईं. आकिल को छिपाने के लिए उसे एक बड़ी देग के अलावा कोई जगह नहीं सूझी.

औरंगजेब ने देग देखकर पूछा कि इसमें क्या है? जवाब मिला कि इसमें पानी गर्म किया जाएगा. बादशाह का हुक्म हुआ कि देग को आग पर रख दो. किताब के मुताबिक जेबुन्निसा ने आकिल से फुसफुसाकर कहा कि अगर वह सच में मोहब्बत करता है तो उसकी इज्जत खातिर खामोश रहे. देग के खौलते पानी में आकिल की मौत के साथ इस प्रेम कथा का दुखांत हुआ.

कैद की वजह?

जेबुन्निसा की जिंदगी के आखिरी बीस साल सलीमगढ़ किले में कैद में गुजरे. 1702 में कैद में ही उसकी मृत्यु हुई. क्या आकिल ख़ां से मोहब्बत की नाराजगी में औरंगजेब ने उसे कैद रखा? साकी मुस्तैद खां की किताब “मआसिरएआलमगीरी ” में इसकी वजह आकिल से मोहब्बत नहीं बल्कि बागी भाई मुहम्मद अकबर से संपर्क और उसकी चिट्ठियों की बरामदगी बताई गई है.

औरंगजेब के बेटे मुहम्मद अकबर ने 1681 में अपने पिता के खिलाफ बगावत की. जेबुन्निसा पर बागी भाई की मदद का आरोप लगा. उसकी चार लाख रुपये सालाना पेंशन बंद कर दी गई. सभी संपत्ति जब्त कर ली गई और दिल्ली के सलीमगढ़ किले में कैद कर दिया गया.

कैद के दौरान जेबुन्निसा ने जो शेर लिखे, उनमें अकेलेपन और बेबसी की झलक दिखाई देती है. उसने लिखा

कब तक पैरों में ये बेड़ियां पड़ी रहेंगी?

दोस्त दुश्मन हो गए और अपने अजनबी.

एक और कलाम में वह लिखती है,

ऐ मख्फी, गम की इस कैद से निकलने की उम्मीद मत कर.

कयामत के दिन से पहले तेरी रिहाई नहीं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply