Satya Report: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 38वें लीग मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में जीत हासिल की। इस मैच में केकेआर की टीम ने लखनऊ को 156 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वह 20 ओवर्स में 155 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम जब मैच में टारगेट का पीछा कर रही थी तो उन्होंने 19 ओवर्स में 139 रनों का स्कोर बना लिया था, जिसमें आखिरी ओवर में उन्हें जीत हासिल करने के लिए 17 रनों की दरकार थी और इस ओवर को फेंकने के लिए केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी आए थे। कार्तिक ने अपने इस ओवर में लगातार 2 बीमर गेंद भी फेंकी लेकिन उन्हें गेंदबाजी से हटाया नहीं गया।

इस वजह से अंपायर्स ने दी कार्तिक त्यागी को गेंदबाजी जारी रखने की मंजूरी
केकेआर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर कार्तिक त्यागी से कराने का फैसला लिया जिसमें पहली गेंद पर बाई का एक रन आया। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने ओवर की दूसरी गेंद बीमर फेंकी जिसे फील्ड अंपायर ने तुरंत नोबॉल दे दिया। अगली गेंद एकबार फिर से कार्तिक त्यागी ने बीमर ही फेंकी और उसे भी अंपायर ने नोबॉल देने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई। इसके बाद सभी को लगा कि कार्तिक त्यागी को अब आगे इस ओवर में गेंदबाजी करने से रोक दिया जाएगा, लेकिन फील्ड अंपायर्स ने आपस में चर्चा करने के बाद उन्हें ये ओवर जारी रखने की मंजूरी दी। इसको लेकर लाइव कॉमेंट्री में जानकारी दी गई कि कार्तिक त्यागी ने जो दूसरी बीमर गेंद फेंकी थी वह लो फुल टॉस थी जो खतरनाक श्रेणी में नहीं आती है। इसी वजह से कार्तिक त्यागी को उस ओवर को जारी रखने की मंजूरी मिल गई।
रिंकू सिंह बने केकेआर की जीत के सबसे बड़े हीरो
इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाने में रिंकू सिंह का सबसे बड़ा योगदान देखने को मिला, जिसमें उन्होंने जहां पहले 51 गेंदों में 83 रनों की शानदार नाबाद पारी खेलने के साथ अपनी टीम को इस मैच में एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। वहीं इसके बाद फील्डिंग में भी रिंकू सिंह का कमाल देखने को मिला जिसमें वह 4 कैच पकड़ने में कामयाब रहे तो वहीं सुपर ओवर में भी उन्होंने एक शानदार कैच लपका। इसके बाद रिंकू ने सुपर ओवर में बल्लेबाजी करते हुए पहली गेंद पर चौका लगाने के साथ अपनी टीम को जीत दिला दी।



