Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां कक्षा 11 में पढ़ने वाली 14 साल की किशोरी ने कथित तौर पर छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. सोमवार दोपहर किशोरी का शव घर के अंदर बांस के सहारे चुनरी से बने फंदे पर लटका मिला. घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसके मातापिता बैंक गए हुए थे. किशोरी के पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक और उसके परिवार पर बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है. साथ ही पुलिस पर शिकायतों के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

परिजनों के मुताबिक, किशोरी स्कूल से लौटते समय छेड़छाड़ का शिकार हुई थी. करीब एक महीने पहले पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसकी साइकिल रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की थी. किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी थी. आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी युवक और उसके परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था.
छेड़छाड़ से परेशान थी किशोरी
इसके बाद परिवार ने किशोरी को अकेले स्कूल भेजना बंद कर दिया और दूसरी छात्राओं के साथ ईरिक्शा से स्कूल भेजने की व्यवस्था की. हालांकि, पिता का आरोप है कि इसके बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार पीछा करने, छेड़छाड़ करने तथा मानसिक रूप से परेशान करने लगा.
सोमवार को करीब दोपहर 12 बजे पिता रामलखन अपनी पत्नी के साथ बैंक से घर लौटे तो बेटी को घर के अंदर बांस के सहारे चुनरी से बने फंदे पर लटका पाया. परिजनों में चीखपुकार मच गई. परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं.
कार्रवाई नहीं करने का आरोप
मृतका के पिता रामलखन का आरोप है कि उन्होंने 20 मई को विपक्षियों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की शिकायत चौकी कसमंडी में दी थी. इसके बाद 13 अक्टूबर को बेटी से छेड़छाड़ के संबंध में भी तहरीर दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई. पिता के मुताबिक, 24 अक्टूबर को उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बावजूद आरोपी पक्ष की प्रताड़ना जारी रही.
पुलिस का पक्ष भी आया सामने
मामले में अतिरिक्त थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की गई थी. शिकायत के निस्तारण के दौरान पीड़ित पक्ष और आरोपी के बीच सुलहसमझौता हुआ था. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी.
फिलहाल किशोरी की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस के सामने अब छेड़छाड़, मारपीट और शिकायतों के निस्तारण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना ने नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.



