
लखनऊ, अमृत विचार। आगरा की रहने वाली तुलसा देवी शुक्रवार को हजरतगंज पार्क रोड पहुंची। वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर के प्लेटफार्म पर खड़ी होकर वहां से कूदकर खुदकुशी की धमकी देने लगी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा। पीड़िता ने आगरा के कैंट रेलवे स्टेशन की पुलिस पर नाबालिग बेटे को बंधक बनाकर पीटने व चोरी के मामले में फंसाने का आरोप लगाया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके नाबालिग बेटे को मूत्र पिलाने का प्रयास किया। पुलिस ने काउंसिलिंग कर परिजन को सुपुर्द कर दिया है।
हजरतगंज में मोबाइल टावर पर चढ़ गई महिला
आगरा के कैंट स्थित श्यामनगर छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा देवी शुक्रवार को हजरतगंज इलाके में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वहां से शोर मचाकर कूदने की कोशिश कर रही थी। सूचना पर हजरतगंज पुलिस और अग्निशमन कर्मी पहुंचे। पुलिस ने तुलसा को समझाबुझाकर किसी तरह नीचे उतारा। पुलिस की पूछताछ में तुलसा ने बताया कि वह 26 जुलाई को 12 वर्षीय बेटे के साथ आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बैठी थी। इस बीच बेटे को पानी लेने लिए भेजा।
रेलवे पुलिस पर लगाया बड़ा अरोप
रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बैग चोरी का आरोप लगाकर धमकाया, पीटा। लिफ्ट के चक्कर लगाने को कहा। जानकारी होने पर विरोध किया तो पुलिस कर्मियों ने बेटे को चोरी के आरोप में फंसाने की धमकी दी। जबकि बेटे की तलाशी में बैग आदि कोई वस्तु बरामद भी नहीं हुई थी। बेटे को बंधक बनाकर पीटा। मूत्र पिलाने की कोशिश की। उसे दो हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया।
पुलिसकर्मी पर धमकी देने का लगाया आरोप
पुलिस कर्मियों के खिलाफ रेलवे और पुलिसप्रशासन में शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी पुलिसकर्मी लगातार धमकी दे रहे थे। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों से मिलने आई थी। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक, मामला आगरा का है। आगरा पुलिस और रेलवे प्रशासन को सूचना दे दी गई है। तुलसा के घरवालों को बुलाकर उसे सुपुर्द कर दिया गया है।



