IndiaUttar Pradesh

​Lucknow Police: एक आदेश और बदल गई कई थानों की पुलिस टीम, लखनऊ में एक साथ 150 सब इंस्पेक्टर का तबादला

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव किया गया है. पूर्वी जोन में एक साथ 150 दारोगाओं के तबादले किए गए हैं. जारी आदेश के मुताबिक, कई थानों में तैनात दारोगाओं को दूसरे थानों में भेजा गया है. इस फेरबदल में गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार, चिनहट, इंदिरानगर, बीबीडी और विभूतिखंड समेत कई थाने शामिल हैं. इसके अलावा गुड़ंबा, गाजीपुर और विकासनगर थानों में तैनात दारोगाओं के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है.

​Lucknow Police: एक आदेश और बदल गई कई थानों की पुलिस टीम, लखनऊ में एक साथ 150 सब इंस्पेक्टर का तबादला

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद पूर्वी जोन के कई थानों में पुलिसकर्मियों की नई टीम काम करती नजर आएगी. लंबे समय से एक ही थाने या क्षेत्र में तैनात दारोगाओं को भी दूसरी जगह भेजा गया है. पुलिस विभाग के इस फैसले से महकमे में हलचल तेज हो गई है.

150 दरोगाओं को एक थाने से दूसरे थाने भेजा गया

पुलिस की ओर से जारी तबादला सूची में 150 उपनिरीक्षकों के नाम शामिल हैं. इन सभी को उनकी मौजूदा तैनाती से हटाकर दूसरे थानों और स्थानों पर भेजा गया है. गोमतीनगर और गोमतीनगर विस्तार जैसे बड़े थानों के अलावा चिनहट, इंदिरानगर, बीबीडी और विभूतिखंड में भी नई तैनाती की गई है. वहीं गुड़ंबा, गाजीपुर और विकासनगर थानों से भी कई दारोगाओं को दूसरी जगह भेजा गया है. माना जा रहा कि इस बदलाव के बाद संबंधित थानों में पुलिसिंग की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी.

स्थापना बोर्ड की बैठक में लिया गया फैसला

पुलिस उपायुक्त की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है. आदेश के मुताबिक, 19 नवंबर को पूर्वी जोन की स्थापना बोर्ड की बैठक हुई थी. इसी बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर सभी संबंधित उपनिरीक्षकों का तबादला किया गया है.

आदेश में कहा गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से उनके नाम के सामने दर्ज स्थान पर नियुक्त किया जाता है. संबंधित थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तबादला किए गए दारोगाओं को तत्काल कार्यमुक्त करें और इसकी अनुपालन रिपोर्ट भी भेजें.

2027 विधानसभा चुनाव से पहले पुलिसिंग मजबूत करने की तैयारी?

लखनऊ में हुए इस बड़े फेरबदल को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है. चुनाव से पहले कानूनव्यवस्था बनाए रखना और पुलिसिंग को प्रभावी बनाना विभाग के लिए अहम होगा. हालांकि पुलिस की ओर से जारी आदेश में किसी दारोगा को लापरवाही या किसी विवाद के चलते हटाए जाने की बात नहीं कही गई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply