
लखनऊ, अमृत विचार: स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की पहल पर आज एल्डिको स्थित पॉयनियर मॉन्टेसरी इण्टर कॉलेज में ‘मण्डलीय कला उत्सव 2026’ की खूब धूम रही। इस कार्यक्रम का मकसद स्कूली बच्चों के अंदर छिपे कलाकार को पहचानना, संवारना और कला को पढ़ाई का हिस्सा बनाना है।
इस बार उत्सव का थीम “विकसित भारत वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना” रखा गया था। इसमें लखनऊ मण्डल के 6 जिलों लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुरखीरी और हरदोई के 38 स्कूलों से आए 123 बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णु कान्त पाण्डेय, संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार और पॉयनियर समूह के प्रबंधक बृजेन्द्र सिंह ने दीप जलाकर की।
विष्णु कान्त पाण्डेय ने बच्चों से कहा— “कला उत्सव खुद को तलाशने और तराशने का सबसे अच्छा जरिया है। बस बेझिझक होकर अपना बेस्ट दें।”
डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा— “कला पूरी तरह आजाद होती है, इसे किसी नियमकायदे में नहीं बांधा जा सकता।”
डॉ. दिनेश कुमार का कहना था— “हुनर सबके अंदर कुदरती तौर पर होता है, बस उसे सही मौके की तलाश रहती है।”
इन्होंने मारी बाजी
विभिन्न प्रतियोगिताओं में पहला स्थान पाने वाले ये 12 विजेता अब राज्य स्तरीय कला उत्सव में पूरे लखनऊ मण्डल की तरफ से हिस्सा लेंगे:
शास्त्रीय गायन : आरना त्रिपाठी , एस.के.डी. एकेडमी, गोमती नगर, लखनऊ।
लोकगीत : चंदन शुक्ला व आयुष मिश्रा , कृषक इण्टर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
स्वर वाद्य : संकल्प मिश्र , सेंट फिडलेस कॉलेज, लखनऊ।
ताल वाद्य : कृष्णा पाण्डेय , राजकीय इण्टर कॉलेज, हरदोई।
शास्त्रीय वादन : आशुतोष, राज, रौनक व राजन मिश्रा , कृषक इण्टर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
शास्त्रीय नृत्य : खुशी रस्तोगी , वैदिक कन्या इण्टर कॉलेज, लखनऊ।
लोक नृत्य : लक्ष्मी, प्रिया, विशाली व खुशबू , राजकीय हाईस्कूल रोझाईया, रायबरेली।
लघु नाटिका : अमन, अमित, दीपक व ऋषभ यादव , राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज, लखनऊ।
चित्रकला : ब्रमेश जॉय , राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज, लखनऊ।
मूर्तिकला : रानी राठौर , कृषक इण्टर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
स्थानीय शिल्प : चानशी व तमन्ना , राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, लखीमपुर खीरी।
पारंपरिक कहानी वाचन : कीर्ति त्रिपाठी व पलक्षी दुबे , राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, विकास नगर, लखनऊ।
मेडल और सर्टिफिकेट पाकर खिले चेहरे
कार्यक्रम के आखिर में सभी विजेताओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही भाग लेने वाले हर बच्चे को सर्टिफिकेट मिला। इस दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार, पॉयनियर मॉन्टेसरी की प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह, नोडल आकांक्षा पाठक, मंच संचालक वंदना तिवारी समेत कई स्कूलों के शिक्षक और बच्चे मौजूद रहे।



