Lucknow News: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने पुलिस के सामने सरेंडर करने की इच्छा जताई है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में श्रद्धा कह रही है कि वह कहीं भागी नहीं है और पुलिस को पूरे मामले की सच्चाई बताना चाहती है. उसने नेताओं और अधिकारियों के साथ अपना नाम जोड़े जाने पर भी नाराजगी जताई है. उधर, पुलिस को श्रद्धा की ब्लैक SUV बहराइच से मिली है. उसके नेपाल भागने की आशंका के बीच तलाश जारी है. शिवा की मां ने ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ऊंचाई से गिरने के कारण लगी चोटें बताई गई हैं. मामले की जांच जारी है.

श्रद्धा बोली मैं भागी नहीं हूं, पुलिस को सब सच बताऊंगी
शिवा शर्मा मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे ने सामने आकर अपनी बात रखी है. वीडियो में वह कह रही है कि सोशल मीडिया पर कई नेताओं और अधिकारियों के साथ उसका नाम जोड़ा जा रहा है, जबकि उसका किसी से कोई संबंध नहीं है. उसने मीडिया से अपील की कि उसके बारे में अफवाहें न फैलाई जाएं.
श्रद्धा ने कहा कि वह पुलिस के पास जाकर अपना बयान देना चाहती है और जो कुछ भी सच है, वह सब बताने के लिए तैयार है. उसने दावा किया कि शिवा की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी. हालांकि, यह श्रद्धा का दावा है और मामले की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
श्रद्धा ने अपनी खराब शारीरिक हालत का हवाला देते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी. इसी वजह से वह सामने आकर किसी से बात नहीं कर पा रही थी. उसने कहा कि वह पुलिस से मिलकर सरेंडर करना चाहती है.



