
टीवी और फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री व मिमिक्री आर्टिस्ट आशा जायसवाल सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने 22 अगस्त 2026 को मुंबई में अंतिम सांस ली। उनके बेटे आकाश सिंह भारद्वाज ने सोशल मीडिया के जरिए मां के निधन की जानकारी साझा की। उनके निधन की खबर से परिवार, दोस्तों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर है।
लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थीं
बेटे आकाश सिंह भारद्वाज के मुताबिक, आशा सिंह पिछले करीब तीन महीनों से फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रही थीं। 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे उनका निधन हुआ। परिवार ने 23 अगस्त को मुंबई के पवन हंस श्मशान भूमि, विले पार्ले वेस्ट में उनका अंतिम संस्कार किया।
आकाश ने अपनी मां को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें बेहद कर्मठ और मजबूत व्यक्तित्व वाली महिला बताया। उन्होंने लोगों से उनकी उपलब्धियों और काम को याद रखने की अपील भी की।
आशा सिंह ने सोशल मीडिया पर बेटे ने दी भावुक श्रद्धांजलि
आशा सिंह के बेटे ने मां के निधन की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपनी मां को अभिनेत्री, समाजसेविका और मिमिक्री आर्टिस्ट के रूप में याद किया।
उन्होंने लिखा कि उनकी मां का जीवन कर्म को समर्पित था और उन्होंने हमेशा अपने काम को प्राथमिकता दी। बेटे की इस भावुक पोस्ट के बाद फैंस ने भी कमेंट कर आशा सिंह को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
‘महाभारत’ से मिली खास पहचान
आशा सिंह ने बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय ऐतिहासिक टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भी अभिनय किया था। शो में उन्होंने कृपी का किरदार निभाया था। यह किरदार द्रोणाचार्य की पत्नी और अश्वत्थामा की मां के रूप में जाना जाता है।
अभिनय के अलावा आशा सिंह मिमिक्री के क्षेत्र में भी सक्रिय थीं। उन्हें भारत की शुरुआती महिला मिमिक्री कलाकारों में शामिल किया जाता है। मनोरंजन जगत में लंबे करियर के दौरान उन्होंने फिल्मों, टेलीविजन और अन्य मनोरंजन गतिविधियों में योगदान दिया।
फैंस ने दी श्रद्धांजलि
आशा सिंह के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। फैंस ने उन्हें एक अनुभवी कलाकार बताते हुए उनके योगदान को याद किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
आशा सिंह भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अभिनय और मनोरंजन की दुनिया में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।


