नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद तरुण चुघ ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के लिए 36,585 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक कर्जमाफी योजना लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य के लाखों किसानों को बड़ी राहत देने वाला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की किसानहितैषी नीतियों का सशक्त प्रमाण है।
चुघ ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार का यह कदम किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे खेतीकिसानी को मजबूती मिलेगी और किसानों पर कर्ज का बोझ कम होगा।

उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी का चुनावी वादा आखिर कब पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब का किसान आज भी कर्ज, फसलों के संकट और अधूरे वादों के बोझ तले दबा हुआ है, जबकि सरकार अपने वादों को पूरा करने के बजाय जवाबदेही से बचती नजर आ रही है। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब के किसानों को केवल आश्वासनों की नहीं, बल्कि ठोस राहत और प्रभावी नीतियों की जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों से किए गए सभी वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।



