मुंबई : मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री अमीषा पटेल के मातापिता के चर्चगेट स्थित फ्लैट से 5 लाख रुपए के सोने और हीरे के गहने चुराने के आरोप में पालघर की 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। वह कथित तौर पर करीब डेढ़ साल से अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी।

आरोपी महिला की पहचान पालघर निवासी सीमा घाटे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सीमा घाटे अभिनेत्री अमीषा पटेल के मातापिता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी। उनकी की मां की ओर से दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की और घाटे को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, कंगन कथित तौर पर जनवरी 2026 में घर से चोरी हुआ था। आशा पटेल को कथित तौर पर सीमा घाटे पर शक था और पिछले पांचछह महीनों से वह उससे चोरी कबूल करने और गहने लौटाने के लिए कह रही थीं। हालांकि, आरोपी महिला ने कथित तौर पर कंगन वापस नहीं किया। इसके बाद आशा पटेल ने मरीन ड्राइव पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर मरीन ड्राइव पुलिस ने बीएनएस की धारा 306 के तहत मामला दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामला शुरू में एक अज्ञात महिला के खिलाफ दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में क्राइम डिटेक्शन टीम ने जांच की और घाटे को विरार में ट्रेस किया।
आरोपी को बाद में हिरासत में लिया गया और अदालत में पेश किया गया। उसे 15 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस चोरी हुए गहने की बरामदगी की जांच कर रही है और यह भी देख रही है कि क्या आरोपी महिला का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है।


