नई दिल्ली : गाजियाबादनई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया। सामान से लदी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, सुबह के व्यस्त समय में हुई इस घटना से इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक , अपर मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बहाली कार्य शुरू कराया। रेलवे प्रशासन ने परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों के मार्ग और संचालन में बदलाव किया है।
ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव
24 ट्रेनों को दिल्लीनई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया।
16 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।
5 पैसेंजर ट्रेनों को शॉर्टटर्मिनेट या शॉर्टओरिजिनेट किया गया।
आनंद विहार की ओर आने वाली 8 ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर रोककर रेगुलेट किया जा रहा है।
इस दुर्घटना के कारण कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन युद्धस्तर पर पटरी की मरम्मत और यातायात को जल्द सामान्य करने में जुटा हुआ है।



