CrimeIndiaTrending

नेपाल में लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा, आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर; एक विदेशी नागरिक की मौत

नेपाल में लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा, आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर; एक विदेशी नागरिक की मौत

काठमांडू, नेपाल: नेपाल के सोलुखुंबु जिले में मंगलवार को दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान हुई, जिसमें एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए हेलीकॉप्टर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई और एक अन्य घायल हो गया।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखों के टकराने की सूचना मिली है। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

मृतक की पहचान नहीं हो सकी

सोलुखुंबु जिला पुलिस के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के मुताबिक, हादसा फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय हुआ। दुर्घटना में जान गंवाने वाला व्यक्ति विदेशी नागरिक बताया जा रहा है, हालांकि उसकी राष्ट्रीयता और पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि मृतक के शव को हेलीकॉप्टर से लुक्ला पहुंचाया गया है। वहीं घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर की मदद से भेजा गया। पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

फ्लोरिडा में भी विमान हादसे में गई 9 लोगों की जान

इस बीच अमेरिका के फ्लोरिडा में भी एक बड़ा विमान हादसा हुआ। दक्षिण फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन रिहायशी इलाके में सोमवार दोपहर एक बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर आग का बड़ा गोला दिखाई दिया। यह दुर्घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से करीब 14 किलोमीटर दूर हुई।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध समाचार रिपोर्टों और अधिकारियों के बयानों पर आधारित है। घटना से जुड़ी कुछ जानकारियां अभी सामने आना बाकी हैं। आधिकारिक पुष्टि के साथ जानकारी में बदलाव संभव है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply