गर्मियों का मौसम हो या कुछ ठंडा और स्वादिष्ट पीने का मन, मिल्कशेक कई लोगों की पसंदीदा ड्रिंक होती है. कैफे में मिलने वाले मिल्कशेक का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, लेकिन इनमें अक्सर ज्यादा चीनी, क्रीम और दूसरी चीजें मिलाई जाती हैं. अगर यही मिल्कशेक घर पर ताजे और अच्छे इंग्रीडिएंट्स से बनाए जाएं, तो यह स्वादिष्ट होने के साथ ज्यादा हेल्दी भी हो सकते हैं. घर पर बनने वाले मिल्कशेक में आप अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार इंग्रीडिएंट्स भी चुन सकते हैं.

और फलों से बना मिल्कशेक शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व दे सकता है. इसमें मौजूद कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन और दूसरे पोषक तत्व शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं. अगर इसे सही मात्रा में और सही समय पर पिया जाए, तो यह स्वाद के साथ सेहत के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है. आइए जानते हैं घर पर बनने वाले 5 कैफे स्टाइल मिल्कशेक, इन्हें पीने का सही समय और बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
घर पर बनाएं 5 कैफे स्टाइल मिल्कशेक
मैंगो मिल्कशेक
पके आम के टुकड़े, ठंडा दूध और थोड़े से ड्राई फ्रूट्स को ब्लेंड कर लें. चाहें तो थोड़ी शहद भी मिला सकते हैं. आम में विटामिन ए और सी पाए जाते हैं, जबकि दूध कैल्शियम और प्रोटीन देता है. यह मिल्कशेक स्वाद के साथ शरीर को अच्छी एनर्जी भी देता है.
बनाना मिल्कशेक
एक पका केला, ठंडा दूध और कुछ भीगे बादाम ब्लेंड कर लें. केला पोटैशियम और फाइबर का अच्छा सोर्स है, जबकि दूध प्रोटीन और कैल्शियम देता है. यह मिल्कशेक लंबे समय तक पेट भरा रखने और शरीर को एनर्जी देने में मदद करता है.
स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक
ताजी स्ट्रॉबेरी, ठंडा दूध और थोड़ा शहद मिलाकर ब्लेंड करें. स्ट्रॉबेरी में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. यह मिल्कशेक हल्का, स्वादिष्ट और ताजगी देने वाला विकल्प है.
चॉकलेट ओट्स मिल्कशेक
दूध, उबले या भीगे ओट्स, थोड़ा कोको पाउडर और केला मिलाकर ब्लेंड करें. ओट्स में फाइबर होता है और दूध प्रोटीन देता है. यह मिल्कशेक लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखने में मदद कर सकता है और पेट भी भरा महसूस कराता है.
चीकू मिल्कशेक
पके हुए चीकू, ठंडा दूध और कुछ भीगे बादाम को ब्लेंड करके मिल्कशेक तैयार करें. चाहें तो मिठास के लिए थोड़ा शहद मिला सकते हैं. चीकू में फाइबर, पोटैशियम और विटामिन सी होता है, जबकि दूध प्रोटीन और कैल्शियम देता है. यह मिल्कशेक शरीर को एनर्जी देने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद कर सकता है.
मिल्कशेक पीने का सही समय क्या है?
मिल्कशेक को सुबह नाश्ते में, शाम के स्नैक के समय या वर्कआउट के बाद पिया जा सकता है. इस समय शरीर को एनर्जी और पोषण की जरूरत होती है. अगर मिल्कशेक में फल और ड्राई फ्रूट्स मिलाए गए हैं, तो यह ज्यादा पौष्टिक बन जाता है.
रात में बहुत ज्यादा मात्रा में मिल्कशेक पीने से बचना चाहिए. साथ ही, इसमें जरूरत से ज्यादा चीनी डालने की बजाय फलों की प्राकृतिक मिठास का इस्तेमाल करना बेहतर होता है.
मिल्कशेक बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
मिल्कशेक बनाने के लिए हमेशा ताजे फल और ताजा दूध इस्तेमाल करें. ज्यादा चीनी, फ्लेवर सिरप या क्रीम डालने से बचें. अगर मीठा चाहिए, तो शहद या खजूर जैसी प्राकृतिक चीजें इस्तेमाल कर सकते हैं.
साफ बर्तन और ब्लेंडर का इस्तेमाल करें और मिल्कशेक बनाने के तुरंत बाद पी लें. इससे इसका स्वाद भी अच्छा रहता है और पोषण भी बेहतर मिलता है.



