India

घर में बची सब्जियों से बनाएं टेस्टी डिशेज़, अब कुछ भी नहीं होगा बर्बाद

अक्सर ऐसा होता है कि घर में आलू की सब्जी, गोभी, मिक्स वेज, पनीर, भिंडी, बीन्स, मटर या दूसरी बनी हुई सब्जी पूरी खत्म नहीं हो पाती और थोड़ीसी बच जाती है. यहां बची हुई सब्जी से मतलब ऐसी पकी हुई सब्जी से है, जो खाने के बाद बच गई हो. कई लोग इसे अगले दिन फेंक देते हैं या दोबारा खाने से बचते हैं, लेकिन अगर इसे सही तरीके से रखा जाए और समय पर इस्तेमाल किया जाए, तो इससे कई स्वादिष्ट और नई डिशेज़ बनाई जा सकती हैं. इससे खाने की बर्बादी भी कम होती है.

घर में बची सब्जियों से बनाएं टेस्टी डिशेज़, अब कुछ भी नहीं होगा बर्बाद

बची हुई का सही तरीके से दोबारा इस्तेमाल करना समय, मेहनत और पैसों की बचत करने का भी आसान तरीका है. इससे हर बार नई सब्जी बनाने की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट नाश्ता या हल्का भोजन तैयार किया जा सकता है. हालांकि, बची हुई सब्जी तभी इस्तेमाल करनी चाहिए, जब वह सही तरीके से रखी गई हो और खराब न हुई हो. आइए जानते हैं बची हुई सब्जियों से कौनसी टेस्टी डिशेज़ बनाई जा सकती हैं और इन्हें इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

बची हुई सब्जियों से बनाएं 4 टेस्टी डिशेज़

स्टफ्ड पराठा

बची हुई सूखी सब्जी को हल्का मैश कर लें और आटे की लोई में भरकर पराठा बेल लें. इसे तवे पर हल्का घी या तेल लगाकर सेंकें. यह पराठा स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी लंबे समय तक भरा रखता है और बची हुई सब्जी का अच्छा इस्तेमाल हो जाता है.

वेज सैंडविच

बची हुई सब्जी को ब्रेड पर फैलाएं. चाहें तो थोड़ा पनीर या चीज डालकर दूसरी ब्रेड रखें और टोस्ट कर लें. यह जल्दी बनने वाला नाश्ता है, जिसमें सब्जियों से मिलने वाले पोषक तत्व भी मिल जाते हैं और अलग से भरावन तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ती.

वेज चीला

बेसन का घोल तैयार करें और उसमें बची हुई सब्जी मिलाकर तवे पर चीला बना लें. इसे हरी चटनी या दही के साथ खाया जा सकता है. यह प्रोटीन और सब्जियों का अच्छा मेल है, जो नाश्ते के लिए हेल्दी विकल्प बन सकता है.

वेज फ्राइड राइस

बचे हुए चावल में बची हुई सब्जी डालकर हल्के मसालों के साथ कुछ मिनट भून लें. ऊपर से हरा धनिया डालकर परोसें. यह डिश जल्दी तैयार हो जाती है और एक ही प्लेट में कार्बोहाइड्रेट के साथ सब्जियों का स्वाद भी मिल जाता है.

बची हुई सब्जियों को इस्तेमाल करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?

बची हुई सब्जी को कमरे के तापमान पर लंबे समय तक न रखें. ठंडी होने के बाद इसे साफ और बंद डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें. कोशिश करें कि इसे 1 से 2 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लें. अगर सब्जी से अजीब गंध आ रही हो, उसका रंग बदल गया हो या उसमें फफूंदी दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न खाएं.

दोबारा इस्तेमाल करते समय सब्जी को अच्छी तरह गर्म करें. साथ ही, बारबार गर्म करके फिर ठंडा करने से बचें. सही तरीके से स्टोर की गई सब्जी का ही दोबारा इस्तेमाल करें, ताकि स्वाद के साथ सेहत भी सुरक्षित रहे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply