
रायसेन, मध्य प्रदेश: नर्मदा घाटी एक बार फिर अपने भीतर छिपे प्रागैतिहासिक रहस्यों के कारण चर्चा में है। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे पतई घाट पर एक विशालकाय प्राचीन हाथी का जीवाश्म जबड़ा और पसलियों की हड्डियां मिली हैं। वैज्ञानिकों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, ये अवशेष करीब 4 से 5 लाख साल पुराने हो सकते हैं। जबड़े की बनावट और दांतों की संरचना के आधार पर इन्हें धरती पर विचरण करने वाले सबसे विशाल हाथियों में शामिल पेलियोलेक्सोडोन निमेडीकस प्रजाति से जोड़ा जा रहा है।
75 सेंटीमीटर लंबा मिला विशालकाय हाथी का जबड़ा
पतई घाट पर मिले जीवाश्म जबड़े की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई लगभग 25 सेंटीमीटर बताई गई है। इसके साथ पसलियों की हड्डियों के अवशेष भी मिले हैं। वैज्ञानिकों ने जबड़े और दांतों की बनावट का शुरुआती अध्ययन किया है। दांतों पर बनी उभरी धारियां और उनकी कतारें इस प्राचीन हाथी की पहचान के महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही हैं।
शोधकर्ताओं के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस प्रजाति के हाथी की ऊंचाई करीब 4 से 5 मीटर और वजन लगभग 18 से 22 टन तक रहा होगा। हालांकि, जीवाश्म की वास्तविक प्रजाति और उसकी सही उम्र की पुष्टि के लिए अभी विस्तृत वैज्ञानिक जांच जरूरी है।
किस भूगर्भीय परत में दबे थे ये अवशेष?
वैज्ञानिकों की टीम ने जीवाश्म के साथ उस मिट्टी की परत का भी अध्ययन किया, जहां से ये अवशेष मिले हैं। शुरुआती जांच में इन्हें मध्य प्लाइस्टोसीन काल की पीली महीन मिट्टी की परत से जुड़ा बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह क्षेत्र बनेटा और सोहागपुर फॉर्मेशन से संबंधित है।
इस अध्ययन में डॉ. हिटकिशोर गोस्वामी, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी सहित वैज्ञानिक शामिल रहे।
स्टेगोडॉन से कितना अलग था पेलियोलेक्सोडोन?
प्रागैतिहासिक हाथियों की अलग-अलग प्रजातियों की पहचान उनके दांतों, जबड़े और शरीर की बनावट से की जाती है। रिपोर्ट में दो प्रजातियों का उल्लेख किया गया है।
- स्टेगोडॉन: इसकी ऊंचाई लगभग 3 मीटर तक बताई जाती है। इसके दांतों की बनावट और आकार पेलियोलेक्सोडोन से अलग थे।
- पेलियोलेक्सोडोन: यह सीधे दांतों वाला विशालकाय हाथी था। इसकी ऊंचाई 4 से 5 मीटर तक पहुंचने का अनुमान है। पतई में मिले जबड़े की बनावट इसी प्रजाति से मेल खाने की संभावना जताई गई है।
पहले भी कई रहस्यमयी जीवाश्म खोज चुकी है नर्मदा घाटी
नर्मदा घाटी प्रागैतिहासिक जीवों और मानव इतिहास से जुड़े अवशेषों के लिए पहले भी महत्वपूर्ण रही है। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के हथनौरा में प्राचीन मानव कपाल मिला था। वहीं, नरसिंहपुर के सूरजकुंड क्षेत्र से



