अमृतसर : ‘मीरीपीरी’ दिवस के अवसर पर शुक्रवार को श्री अकाल तख्त साहिब से विशेष ‘मीरीपीरी खालसा मार्च’ का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक और जागरूकता मार्च में सिंह साहिब जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।

मार्च के शुभारंभ अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मीरीपीरी दिवस की समूची सिख कौम को लाखलाख बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब से आज पूरे पंजाब में मीरीपीरी के संदेश को घरघर पहुंचाने के उद्देश्य से इस खालसा मार्च की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि सिंह साहिब जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ने पूरी कौम को इस मार्च में शामिल होने का संदेश दिया है।
सुखबीर सिंह बादल ने अपील करते हुए कहा कि जितने दिन यह मार्च चले, संगत अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होकर गुरु साहिब के मीरीपीरी सिद्धांत को जनजन तक पहुंचाने में अपना योगदान दे। उन्होंने अपने संबोधन का समापन ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष के साथ किया।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि मीरीपीरी खालसा मार्च का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखते हुए उन्हें सिखी स्वरूप और गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ना है। साथ ही श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा दिए गए मीरीपीरी के सिद्धांत का व्यापक प्रचारप्रसार करना भी इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
एसजीपीसी के अनुसार, यह मार्च 24 जुलाई को सुबह 10 बजे श्री अकाल तख्त साहिब से रवाना हुआ। यात्रा हाल गेट, पुतलीघर, छेहरटा साहिब, अटारी सहित विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए पहले दिन गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब जी, बीड़ ठट्टा में रात्रि विश्राम करेगी। इसके बाद यह मार्च श्री दरबार साहिब तरनतारन, गोइंदवाल साहिब, धर्मकोट , वजीदपुर, फरीदकोट, जैतो, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा से होते हुए आगे बढ़ेगा तथा 3 अगस्त को तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो में पहुंचकर संपन्न होगा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक यात्रा में बढ़चढ़कर भाग लेने व सेवा, सफाई और लंगर जैसी सेवाओं में सहयोग देने की भी अपील की।



