IndiaUttar Pradesh

​Mirzapur News: मां की गोद मिलनी थी, नाले के कीचड़ में मिली… मासूम की सिसकियां सुन नम हुईं आंखें

उत्तर प्रदेश में मां विंध्यवासिनी के शहर मिर्जापुर के विंध्याचल में एक शर्मनाक घटना हुई है. यहां एक नवजात बच्ची कीचड़ भरे नाले में मिली है. पैदा होते ही इस बच्ची की निर्मोही मां उसे उठाकर नाले में डाल गई. बच्ची के रोने और सिसकने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया है.

​Mirzapur News: मां की गोद मिलनी थी, नाले के कीचड़ में मिली… मासूम की सिसकियां सुन नम हुईं आंखें

मामला मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में सिकरा कला गांव का है. स्थाानीय लोगों के मुताबिक बुधवार की सुबह लोग खेतों की ओर गए तो उन्हें कीचड़ भरे नाले में यह बच्ची रोते और सिसकते हुए मिली. इस बच्ची का जन्म कुछ घंटे पहले ही हुआ था. सूचना पर पहुंचे पूर्व प्रधान सोनू पाठक ने डॉयल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को नाले से निकाला और अस्पताल पहुंचाया.

सुधर रही बच्ची की हालत

पुलिस के मुताबिक बच्ची की हालत काफी नाजुक थी, हालांकि अस्पताल में इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हो रहा है. आशंका है कि किसी मां ने बेटे की चाहत में नौ महीने तक अपने गर्भ में पाला, और जब बेटी पैदा हुई तो लाकर यहां नाले में डाल दिया. वहीं आशंका इस बेटी के बिना ब्याही मां की औलाद के रूप में भी है. हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है.

देवदूत बने गांव वाले

नाले में बच्ची के मिलने की सूचना पर नाले के पास पूरा गांव उमड़ पड़ा. गांव वालों ने नाले में बदबू की परवाह किए बिना बच्ची को बाहर निकाला और उसे संभाला. फिर पुलिस के आने के बाद बच्ची को विजयपुर सर्रोई स्थित पीएचसी ले जाया गया. इस दौरान इसी गांव में रहने वाली रेखा देवी समेत तमाम लोग बच्ची के साथ रहे. पीएचसी में डॉ. रत्नाकर मिश्रा ने नवजात शिशु का स्वास्थ्य परीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply