Satya Report: मुंबई में महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार, 1 मई को यशवंतराव चव्हाण मुंबईपुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ स्ट्रेच का उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट से ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी और यात्रा पूरी तरह सिग्नलफ्री, तेज और सुरक्षित बनेगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। यह परियोजना राज्य में बेहतर समन्वय और तेज यातायात की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट में लगभग 22.33 मीटर चौड़ी एक सुरंग शामिल है, जिसे दुनिया की सबसे चौड़ी सुरंग के तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के दावेदार के रूप में पेश किया गया है।

प्रोजेक्ट की बड़ी खासियतें
- लंबाई: लगभग 10.5 किमी
- दो विशाल टनल
- निर्माण: महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल
- इस प्रोजेक्ट से मुंबई पुणे के परिसर की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और 70 हज़ार करोड़ के इकॉनमी को बूस्ट मिलेगा
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
- इस प्रोजेक्ट से लोहगड किला, विसापुर किला और कार्ला लेणी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच और आसान होगी।
- टनलों को भी गढ़किलों और कार्ला गुफाओं की थीम पर सजाया गया है।
आगे की योजना
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि इस प्रोजेक्ट को जोड़कर एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया जाए, जिसमें शामिल हैं:
- समृद्धि महामार्ग
- कोकण कोस्टल रोड
- वसईविरार मल्टीमोडल कॉरिडॉर
- लक्ष्य: महाराष्ट्र के किसी भी कोने से दूसरे कोने तक 7–8 घंटे में यात्रा
‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट सिर्फ एक रोड प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि मुंबई–पुणे के बीच सफर को पूरी तरह बदलने वाला गेमचेंजर है। यह तेज,सुरक्षित,बिना रुकावट और आर्थिक विकास को रफ्तार देने वाला प्रोजेक्ट है।
लोकार्पण से पहले लग गया था जाम
महाराष्ट्र में आज मुंबईपुणे एक्सप्रेसवे मिसिंग लिंक परियोजना के लोकार्पण से पहले ही मुंबई–पुणे मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। लोनावलाखंडाला घाट सेक्शन में हालात ऐसे हो गए कि लोगों को 1 से 2 घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इस ट्रैफिक जाम को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई। एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले भी इस जाम में फंसीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जताते हुए कहा कि सरकार के कार्यक्रम की वजह से यह जाम लगा है और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्रैफिक जाम को लेकर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज लोगों को जो परेशानी हुई, उसके लिए उन्हें दुख है। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जाम की वजह अलग बताई। उनके अनुसार, यह जाम किसी कार्यक्रम की वजह से नहीं बल्कि वीकेंड और महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी के कारण लगा, जब बड़ी संख्या में लोग मुंबई से बाहर निकले। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को तुरंत ट्रैफिक नियंत्रित करने के निर्देश दे दिए गए हैं और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है।



