
डिंडौरी, मध्य प्रदेश: जिले के पड़रिया छांटा गांव में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय युवक को उसके ही गांव के एक परिचित ने कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर सुअर मारने वाला बम खाने के लिए दे दिया। युवक ने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया, लेकिन जैसे ही उसने चबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आंगन में बैठकर कर रहे थे बातचीत
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया (35) के रूप में हुई है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और राजेंद्र के पास बैठकर बातचीत करने लगा।
इसी दौरान आरोप है कि रामभगत ने सुअर मारने में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर दे दिया। राजेंद्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, उसमें जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि राजेंद्र का जबड़ा बुरी तरह जख्मी हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। उन्होंने बिना देर किए घायल राजेंद्र को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल की मर्चुरी के बाहर बड़ी संख्या में परिवार के लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
आरोपी के खिलाफ हत्या से जुड़े आरोपों में केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास सुअर मारने वाला विस्फोटक कहां से आया और उसे किसने उपलब्ध कराया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
सतर्कता सूचना: यह समाचार उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस के प्रारंभिक विवरण पर आधारित है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।



