— प्रत्येक बेघर परिवार को 2525 हजार की फौरी राहत, सरकार से मांगा विशेष पैकेज

धर्मशाला/शाहपुर, गौरव सूद : प्रकृति की मार से उजड़ी बोह घाटी में मानवता की मिसाल कायम करते हुए धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा संकट की घड़ी में पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नजर आए। बादल फटने के महज दो दिन बाद ही विधायक सुधीर शर्मा ने बोह घाटी के ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने न केवल लोगों का दर्द साझा किया, बल्कि तात्कालिक राहत के रूप में प्रत्येक बेघर परिवार को 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। बोह घाटी में मलबे और तबाही के बीच पहुंचे विधायक ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा जिन्होंने जीवन भर की कमाई से आशियाना बनाया था, वह पल भर में बह गया, यह दृश्य हृदयविदारक है। ग्राउंड जीरो का जायजा लेने के बाद विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए अब देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार से आग्रह करता हूं कि बोह घाटी के लिए बिना देरी के विशेष आर्थिक पैकेज घोषित किया जाए। राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि बेघर हुए परिवारों को जल्द से जल्द सिर छिपाने की जगह मिल सके।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व बोह घाटी में बादल फटने से पहाड़ों से आया सैलाब और मलबा सब कुछ बहा ले गया। कई मकान जमींदोज हो गए। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोग बेघर होकर खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने विधायक के इस त्वरित कदम की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय में सुधीर शर्मा का इस तरह पहुंचना उनके लिए संजीवनी का काम कर रहा है। विधायक ने प्रशासन को भी निर्देश दिए कि राहत सामग्री और पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर किए जाएं ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।



