Bulandshahr News: बुलंदशहर में यूपी एसटीएफ , दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50,000 के इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान को मुठभेड़ में मार गिराया है. नसीम 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार में हुए समीर उर्फ भूरा हत्याकांड में वांछित था. सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर खुद को घिरता देख नसीम ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी मुठभेड़ में वह मौके पर ही ढेर हो गया. पुलिस ने उसके शव के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल भी बरामद की है.

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस और नोएडा STF को नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान के बुलंदशहर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिल रही थी. इसी इनपुट के आधार पर यूपी एसटीएफ, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. टीम ने सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर नसीम दुर्रानी को घेर लिया. पुलिस से घिरा देख नसीम ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें नसीम दुर्रानी मौके पर ही ढेर हो गया. घटनास्थल से पुलिस को एक ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद हुई है.
कौन था नसीम दुर्रानी? 16 नवंबर को सोनिया विहार में की थी समीर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का निवासी था. 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार क्षेत्र में जीरो पुश्ता के पास समीर उर्फ भूरा अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से जा रहा था. उसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उसे रोककर अंधाधुंध गोलीबारी की थी. गोलियां लगने से घायल समीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
इस हत्याकांड की तफ्तीश में नसीम उर्फ रिजवान की संलिप्तता सामने आई थी. मामले में दिल्ली के खजूरी खास थाने में FIR संख्या 587/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 , 3 , 61 और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया था.
लंबा आपराधिक इतिहास: राजा मेवाती हत्याकांड में भी था मुख्य शूटर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नसीम दुर्रानी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. खजूरी खास थाने में दर्ज राजा मेवाती हत्याकांड में भी उसे मुख्य शूटर बताया गया था. इसके अलावा वह गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज FIR संख्या 280/2025 में भी वांछित था. उस पर हत्या, मारपीट, अवैध हथियार रखने और अन्य अपराधों से जुड़े आरोप थे. दिल्ली के गोकुलपुरी, खजूरी खास, जाफराबाद और दयालपुर थानों में भी उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि उसके मारे जाने से समीर हत्याकांड समेत अन्य मामलों की जांच में अहम सुराग मिल सकते हैं.
यही नहीं, नसीम दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह डीकंपनी से जुड़ा था और छोटा शकील के लगातार संपर्क में रह चुका था. बताया जाता है कि साल 201617 के दौरान छोटा शकील ने नसीम दुर्रानी को तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या करने की सुपारी भी दी थी. नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे.



