CrimeIndiaTrending

मां के लिव-इन पार्टनर पर 7 साल के बच्चे की हत्या का आरोप, इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम..

मां के लिव-इन पार्टनर पर 7 साल के बच्चे की हत्या का आरोप, इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम..

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक पर अपनी महिला साथी के सात वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बच्चे को रिश्ते में बाधा मानने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विकास हुकम सिंह (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह महिला साथी के बेटे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी कारण उसने कथित तौर पर बच्चे के साथ हिंसा की।

मां के काम पर जाने के दौरान हुई वारदात

मृतक की पहचान हसनैन उर्फ जाउद्दीन (7) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 17 और 18 जुलाई के बीच लाडी नाका इलाके में घटना उस समय हुई, जब बच्चे की मां सकीना काम पर गई हुई थीं। आरोप है कि घर में अकेले मौजूद बच्चे के साथ आरोपी ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल बच्चे को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुंबई के केईएम अस्पताल रेफर किया गया। कई दिनों तक उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में पता चला कि महिला अपने पति से अलग होने के बाद 26 जून से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बच्चे की मौत के बाद मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हर पहलू की जांच जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या बच्चा पहले भी प्रताड़ना का शिकार हुआ था। आसपास के लोगों से पूछताछ, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply