India

‘मेरा बेटा निर्दोष है…’, NEET पेपर लीक मामले में आरोपी के पिता ने किया बेटे का बचाव

देशभर में चर्चा का विषय बने NEET पेपर लीक मामले में अब महाराष्ट्र के नासिक जिले का कनेक्शन सामने आने से हड़कंप मच गया है. इस मामले में नासिक जिले के नांदगांव निवासी शुभम खैरनार का नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि स्थानीय अपराध शाखा द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है. इस बीच शुभम खैरनार के पिता डॉ. मधुकर खैरनार ने मीडिया के सामने आकर अपने बेटे का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि उनका बेटा पिछले छह महीनों से नासिक में BAMS प्रैक्टिस कर रहा है और उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है.

‘मेरा बेटा निर्दोष है…’, NEET पेपर लीक मामले में आरोपी के पिता ने किया बेटे का बचाव
‘मेरा बेटा निर्दोष है…’, NEET पेपर लीक मामले में आरोपी के पिता ने किया बेटे का बचाव

डॉ. मधुकर खैरनार ने कहा कि हम हर महीने उसे खर्च के लिए पैसे भेजते हैं. अगर पेपर लीक हुआ है तो आरोप लगना स्वाभाविक है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि मेरा बेटा निर्दोष साबित होगा. प्रशासन जो उचित समझे, वह कार्रवाई करे.

NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में पहले ही भारी आक्रोश है. ऐसे में नासिक कनेक्शन सामने आने के बाद जांच और तेज हो गई है. अब इस मामले में आगे और किन लोगों के नाम सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

सीबीआई ने आरोपी व्यक्ति को अपनी हिरासत में लिया

सीबीआई ने मंगलवार शाम को महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार को हिरासत में लिया. इससे पहले दिन में नासिक पुलिस की अपराध शाखा ने राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर जिले के नंदगांव निवासी शुभम खैरनार को हिरासत में लिया. पुलिस उपायुक्त किरणकुमार चौहान ने बताया कि उसे नासिक के इंदिरा नगर इलाके से पकड़ा गया.

पेपर लीक के आरोपों के बीच परीक्षा रद्द

मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट 2026 का अयोजन तीन मई को किया गया था. मंगलवार को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच यह परीक्षा रद्द कर दी गई. सरकार ने सीबीआई को अनियमितताओं की व्यापक जांच का निर्देश दिया है. इस बीच, पुलिस अधिकारी ने बताया कि कथित प्रश्नपत्र लीक का संबंध मध्य महाराष्ट्र के लातूर से भी हो सकता है, जहां परीक्षा में शामिल हुए एक छात्र के अभिभावक ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई.

छात्रों के लिए एक मॉक टेस्ट आयोजित

शिकायत के अनुसार, लातूर के एक निजी कोचिंग संस्थान ने कथित तौर पर नीट 2026 के आयोजन से पहले अपने छात्रों के लिए एक मॉक टेस्ट आयोजित किया था. चौंकाने वाली बात यह है कि मॉक टेस्ट के 42 प्रश्न कथित तौर पर वास्तविक परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से हूबहू मेल खाते थे. शिकायत में कोचिंग संस्थान की इस व्यापक प्रश्नपत्र लीक नेटवर्क में संलिप्तता को लेकर संदेह जताया गया है.

कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश

इन दावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे ने उपमंडल पुलिस अधिकारी समीर सिंह साल्वे को तत्काल जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है. लातूर पुलिस प्रशासन ने लोगों से नीट प्रश्नपत्र लीक मामले से संबंधित किसी भी जानकारी या सबूत के साथ आगे आने की अपील की है. प्रासंगिक जानकारी रखने वाले लोगों से एसडीपीओ साल्वे से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का आग्रह किया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply