Shamli Ankit Baliyan Murder: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलने के बाद अंकित अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

गाड़ी में बैठते समय हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान रोज की तरह शाम को जिम गए थे. करीब 6:45 बजे जिम से बाहर निकलने के बाद वह अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे. इसी दौरान चार हमलावर वहां पहुंचे. बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही घात लगाए बैठे थे. उन्होंने गाड़ी का गेट खुलते ही अंकित पर फायरिंग शुरू कर दी. हमले में अंकित को करीब पांच गोलियां पेट और उसके आसपास लगीं. वहीं, तीन गोलियां उनकी गाड़ी में भी लगी हैं. ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल ही वहां से भागे.
ये भी पढे़ं
सड़क पर शव रखकर बैठे लोग
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. अंकित की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए. परिजनों और लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है. अंकित की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं. वह बारबार यही कहती रहीं, मेरा बेटा सो गया. बेटे की मौत का सदमा मां के चेहरे पर साफ नजर आया. परिजन और स्थानीय लोग शव को सड़क पर रखकर बैठे रहे और पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई.
पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाना चाहती पुलिस
पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश कर रही है. हालांकि, घटना से नाराज लोगों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने घटना के बाद पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया है. जिले में कई जगह नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं.
ये भी पढे़ं
कौन थे अंकित बालियान?
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जानापहचाना नाम थे. वह हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काम कर चुके थे. उनका गाना भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान काफी चर्चित हुआ था. इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में उनकी लोकप्रियता बढ़ी. अंकित मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा के रहने वाले थे.
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
अंकित की हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस पुरानी रंजिश और अन्य विवादों समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने अंकित की रेकी कब से शुरू की थी और उन्हें उनके जिम से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली? घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चारों हमलावर कहां से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए.


