
शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में प्रेम प्रसंग के चलते बागपत के ककड़ीपुर गांव निवासी राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ गुल्लू (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने वारदात के चार घंटे के भीतर युवती के पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह नाला गांव में रजबहे की पटरी के पास गन्ने के खेत में एक युवक का शव और पास में उसकी बाइक मिली। मृतक की पहचान मोनू उर्फ गुल्लू के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर कांधला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि मोनू और आरोपी कार्तिक की चचेरी बहन के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस का आरोप है कि कार्तिक ने अपने ताऊ ओमपाल तथा साथियों सत्यम और अर्जुन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। जब मोनू नाला गांव मजदूरों को लेने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रोककर सिर और सीने में गोली मार दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी फरार होने के बजाय सामान्य तरीके से अपने गांव लौट गए। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल से बरामद चप्पलों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के लिए तीन तमंचों का इंतजाम बागपत और शामली क्षेत्र से किया गया था। अब पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वालों की भी तलाश कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि कार्तिक और मोनू पहले अच्छे दोस्त थे और कई कबड्डी प्रतियोगिताओं में साथ खेल चुके थे। पुलिस के अनुसार, चचेरी बहन और मोनू के बीच प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई। आरोपी का दावा है कि उसने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बातचीत बंद नहीं होने पर उसने हत्या की साजिश रच दी।
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी कार्तिक ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन उसके मोबाइल से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर मोनू से बात करती थी। जांच के दौरान यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि हत्या के बाद वे दिल्ली में किराये का फ्लैट लेकर रहने की योजना बना रहे थे। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।


