India

अतुल हत्याकांड में नया खुलासाः सांप को दो दिन रखा गया था भूखा, फिर दोनों ने मिलकर…

मेरठ के हस्तिनापुर में निजी स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है। अतुल को उसकी पत्नी दामिनी ने कॉमन करैत सांप से डसवाया था। पैनल का गठन कर सांप का पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी रिपोर्ट में पता चला है कि सांप को दो दिन भूखा रखा गया था और उस पर तीन बार हमला कर उसे मारा गया।

अतुल हत्याकांड में नया खुलासाः सांप को दो दिन रखा गया था भूखा, फिर दोनों ने मिलकर…

यह सांप सोनू और उदय ने तुषार द्वारा दिए गए 15 हजार रुपये में से किसी सपेरे से खरीदा था। यह सांप विश्व के सबसे विषैलों सांपों में शामिल है और साइलेंट किलर के नाम से जाना जाता है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी ने बताया कि करैत सांप के विष में शक्तिशाली न्यूरोटॉक्सिन होते हैं।

इसके डसने पर न तो सूजन आती है और न ही असहनीय दर्द। पीड़ित को लगता है कि उसे किसी मामूली कीड़े ने काटा है या खरोंच लगी है। इस गफलत में इलाज मिलने में देरी हो जाती है। जहर सीधे तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है।

इससे मांसपेशियां लकवाग्रस्त होने लगती हैं। धीरेधीरे पीड़ित को सांस लेने में दिक्कत होने लगती है और श्वसन तंत्र फेल होने से उसकी जान चली जाती है। यदि एक घंटे के भीतर उपचार न मिले तो बचना लगभग नामुमकिन है।

यह सांप निशाचर माना जाता है और रात में अधिक सक्रिय होता है। चमकदार काले या गहरे नीले रंग का यह सांप रात के अंधेरे में घरों के भीतर घुस आता है। रात होने पर यह अंधेरे कोनों में घुसकर शिकार पर हमला करता है। विशेषकर जमीन पर सोने वालों पर यह अधिक हमला करता है।

गूगल पर सर्च किया, सांप की तस्करी का भी खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तुषार और दामिनी ने इस सांप को गूगल पर सर्च करने के बाद इसकी तलाश शुरू की थी। उदय और सोनू ने पैसों के लालच में इस दुर्लभ और खतरनाक सांप को किसी सपेरे से खरीदा था। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे कई दिनों से इस सांप की तलाश में थे।

सपेरे और मेडिकल स्टोर संचालक पर होगी कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि तुषार ने नींद की गोलियां मेडिकल स्टोर से खरीदीं और सांप सपेरे से खरीदा गया। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को इनके संबंध में जानकारी मिली है।

अब पुलिस इन पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। जिन नशीली दवाइयां से अतुल की मौत हुई आखिर वह दवाइयां तुषार ने किस मेडिकल स्टोर से खरीदी थी इस पर पुलिस जांच कर रही है। साथ ही उदय और सोनू जहरीले सांप को कहां से लेकर आए इस पर भी पुलिस जांच कर रही है।

दामिनी के संपर्क में आने के बाद बदली तुषार की तकदीर
जांच में यह भी सामने आया है कि दामिनी से मुलाकात के बाद तुषार की आर्थिक स्थिति सुधर गई थी। रामलीला मैदान के पास पुश्तैनी मकान में रहने वाला तुषार दामिनी के स्कूल में बस चालक था। दामिनी ने उसे बच्चों को लानेले जाने के लिए एक वैन भी दी थी।

आसपास के लोगों का कहना है कि पहले आर्थिक तंगी झेलने वाला तुषार अचानक सोने की अंगूठियां और चेन पहनने लगा था। चर्चा है कि ये कीमती आभूषण भी दामिनी ने ही उसे दिलवाए थे।

यह है पूरा मामला
यूपी के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना इलाके के जे ब्लॉक कॉलोनी में पत्नी दामिनी ने प्रेमी बस चालक तुषार के साथ मिलकर स्कूल संचालक अपने पति अतुल कुमार पंवार की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियां खिलाई और फिर सोते समय सांप से डसवाकर उनकी जान ले ली। दामिनी, प्रेमी तुषार, साथी सोनू और उदय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने के लिए तुषार ने अपने सपेरे दोस्तों की मदद ली। दोनों सपेरे हस्तिनापुर निवासी हैं। मृतक अतुल कुमार मूल रूप से बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव भंडोरा के रहने वाले थे। जबकी उनकी पत्नी दामिनी भड़ाना जे ब्लॉक की ही रहने वाली थी। दोनों का 2019 में प्रेम विवाह हुआ था। पिछले चार माह से दोनों छह वर्षीय बेटे मानिक के साथ जे ब्लॉक कॉलोनी में ही किराये के मकान में रहते थे।

तीन महीने पहले दोनों ने कस्बे में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। शुक्रवार सुबह अतुल अपने कमरे में मृत मिले। पत्नी दामिनी ने लोगों को बताया कि अतुल को सांप ने डस लिया है। अतुल के बिस्तर पर एक सांप भी मिला, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने मार डाला।

अतुल के हाथ और पैर पर सांप के डसने के निशान भी थे। शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश जैसा प्रतीत हुआ। पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक के पिता अजब सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बहू दामिनी ने ही उनके बेटे की हत्या की है।

सांप को वहीं छोड़ दिया
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया है कि परिजनों के आरोपों पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अतुल के स्कूल में तीन माह से ही बस चालक के तौर पर कोहला, मवाना निवासी तुषार काम करता था। अतुल की पत्नी दामिनी का तुषार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इसी के चलते अतुल को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची। दोनों की मंशा अतुल के बीमे के 20 लाख रुपये हड़पने की भी थी। इसमें से पांच लाख रुपये सपेरो को देने थे।

साजिश के तहत सबसे पहले तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदी और दामिनी को दीं। दामिनी ने यह गोलियां खाने में मिलाकर अतुल को खिला दी। रात करीब दो बजे जब अतुल गहरी नींद में सो गए तब तुषार ने उदय को वहां बुलाया और सांप से अतुल के हाथपैर पर डसवा दिया।

इसके बाद सांप को जानबूझकर बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया, ताकि यह प्राकृतिक सर्पदंश जैसा प्रतीत हो। तुषार और सपेरा रात में ही वहां से चले गए। सुबह होने पर दामिनी ने इसे हादसा बताते हुए पूरा नाटक रचा।

फोरेंसिक टीम की जांच
अतुल की मौत को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने शुरुआत से ही घटना पर संदेह जताते दामिनी पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों की मांग पर सीओ मवाना पंकज लवानिया और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply